गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चल रही मुहिम में आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी दिन में तो दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था और रात होते ही अवैध शराब का कारोबार करता था। किसी का शक न हो इसके लिए साथ में एक खाली प्लास्टिक का कट्टा रखता था और नीचे शराब के पव्वे और ऊपर से कबाड़ की पानी रखता था। जिसे देखकर पुलिस भी धोखा खा जाती थी। जनपद गौतमबुद्ध नगर को अवैध के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम दिन-रात अभियान चलाकर चेकिंंग कर रही है।
इसके साथ ही शराब तस्करों के ठिकानों पर भी लगातार छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। दिल्ली व हरियाणा बोर्डर पर आबकारी विभाग की सख्ती के कारण छोटे शराब तस्कर अब बाहरी राज्यों की शराब तस्करी छोड़कर यूपी शराब की तस्करी करने लगे है। लेकिन अब लाइसेंसी शराब की दुकान से शराब खरीद कर तस्करी करने वालों के खिलाफ भी आबकारी विभाग ने अभियान छेड़ दिया है। लाइसेंसी शराब की दुकान से अधिक मात्रा में शराब खरीदने वालों की निगरानी करने के लिए आबकारी विभाग का मुखबिर तंत्र और शराब विक्रेता भी मैदान में उतर चुके है। जब भी कोई अधिक मात्रा में शराब खरीदेगा तो इसकी जानकारी तुरंत आबकारी विभाग को मिल जाएगी।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया अवैध शराब के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग एवं शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही शराब की दुकानों के आसपास खोल कर बैठे नमकीन, चाय की दुकानों पर भी रात में चेकिंग की जा रही है। जिससे जनपद गौतमबुद्ध नगर को पूरी तरह से अवैध शराब के कारोबार से मुक्त किया जा सकें। आबकारी विभाग की टीमें कार्रवाई के साथ ही लोगों को अवैध शराब के खिलाफ जागरूक कर रही है और उनसे आबकारी विभाग की मुहिम में सहयोग की भी अपील कर रही है। बुधवार को आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह एवं थाना जेवर की संयुक्त टीम द्वारा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मॉडलपुर चौराहे से 100 मीटर आगे थाना जेवर के पास अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे अजय शर्मा पुत्र जसवंत शर्मा को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से यूपी मार्का के ट्विन टावर ब्रांड देसी शराब के 35 पौवे बरामद किया गया।
पकड़ा गया तस्कर लाइसेंसी शराब की दुकान से ही शराब खरीदकर उन्हें दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। जो कि दिन में दिहाड़ी मजदूरी का काम और रात में शराब तस्करी करता था, जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। इसके अलावा टीम द्वारा जनपद में गुलशन मॉल स्थित बार रेस्टोरेंट ढाबा, मामा गोटो, बीयर कैफे एवं आररिमिक्स, बोंगा द मैट्रिक्स की चेकिंग की गई। सभी रेस्टोरेंट संचालकों को उनके परिसर में अन्य प्रांत की शराब पाये जाने एंव बिना लाइसेंस शराब पिलाए जाने की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई। साथ ही गेझा कार मार्केट, सेक्टर-93 एवं रोहिल्ला पुर स्थित फुटकर दुकानों का निरीक्षण भी किया गया। दुकानों पर गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज कराया गया। जहां किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। शराब विक्रेताओं को नियमानुसार शराब बिक्री करने के निर्देश दिए गए।

















