-नगर आयुक्त ने कैमरा इंटीग्रेशन कार्य प्रारंभ करने के लिए दी हरी झंडी
-सीसीटीवी कैमरे का इंटीग्रेशन, लूपिंग कार्य में शहरवासी करें सहयोग: विक्रमादित्य सिंह मलिक
गाजियाबाद। शहरवासियों को सुरक्षित रखने के लिए नगर निगम ने शहर में 1500 सीसीटीवी कैमरों का इंटीग्रेशन एवं लूपिंग के कार्य की शुरुआत कर दी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में टीम ने यह कार्य शुरू किया है। दरअसल,प्रदेश सरकार की राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत सेफ सिटी के अतंर्गत शहर में 1500 सीसीटीवी कैमरों को लगाने और लिंक करने का काम किया जाएगा। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नगर निगम सीमा अंतर्गत 1500 सीसीटीवी कैमरों की सूची उपलब्ध कराई गई।इनके लिए कंट्रोल रूम सेंटर से इंटीग्रेटेड का कार्य करने के लिए निविदा मांगी गई थी। टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद मैसर्स टेक्नोसिस इंटेग्रेटेड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का चयन किया गया है। यह कार्य उक्त कंपनी द्वारा किया जाएगा।
शनिवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने बैठक की। बैठक में मॉनिटरिंग के कार्यों के लिए निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी को निर्देश भी दिए गए। सेफ सिटी के अंतर्गत 1500 सीसीटीवी कैमरों का इंटीग्रेशन का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा लूपिंग के लिए पुलिस द्वारा दी गई लगभग 9000 कैमरे की सूची एवं जोनल प्रभारी द्वारा दी गई लगभग 4800 सीसीटीवी कैमरों की सूची पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। लूपिंग के लिए संबंधित प्राइवेट संस्थान,आवास व सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित भवन स्वामियों से फीड बैक लेने की सहमति के बाद कार्य कराने के लिए टीम बनाई गई हैं। सीसीटीवी कैमरों को कंट्रोल सेंटर से इंटीग्रेटेड कराने का कार्य किया जा रहा है।
निर्माण विभाग द्वारा तकनीकी सुपरवाइजरों की टीम तैयार की गई है।नगर आयुक्त ने इसकी रोजाना की कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि सेफ सिटी परियोजना के अंतर्गत शुरू किए गए कार्य एवं चिन्हित 1500 सीसीटीवी कैमरों को पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा दायरे में लाने के लिए कराए गए सर्वे एवं इंटीग्रेशन के कार्य में अपना सहयोग दें। मैसर्स टेक्नोसिस इंटीग्रेटेड सॉल्यूशंस कंपनी को अधिकृत किया गया है। कंपनी द्वारा पुलिस-प्रशासन एवं नगर निगम की संयुक्त टीम की सहायता से यह कार्य किया जा रहा है। इसमें सहयोग की अपील की गई हैं।

















