नगर निगम ने चलाया स्वच्छ तीर्थ महा सफाई अभियान

-महोत्सव के रूप में जन सहभागिता करते हुए चलाएं स्वच्छ तीर्थ अभियान: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर प्रदेश में सभी घरों में दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाने का आह्वान किया है। इसी क्रम में रविवार को साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने थाने व चौकी में विशेष सफाई अभियान के तहत झाडू लेकर पुलिसकर्मियों के साथ सफाई की। रविवार को श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व सरकारी विभागों, नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाया। विभागीय कार्यालयों की साफ-सफाई करते हुए कार्यालय को झालर,लाइटिंग से सजाएंगे। इसके साथ ही दीपोत्सव के कार्यक्रम 22 से 26 जनवरी तक चलाया जाएगा।इसमें हर मंदिर, घर,कार्यालय, तालाबों सहित अन्य विशेष स्थानों पर दीप प्रज्वलित करते हुए प्रकाश की विशेष व्यवस्था की जाएगी। शहर में अनेक स्थानों सहित सभी कार्यालयों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

नगर निगम की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। स्वच्छ तीर्थ सफाई अभियान की शुरुआत करते हुए कई इलाकों में पार्षदों ने भी सफाई की। नगर निगम के अधिकारियों की टीम के साथ धार्मिक स्थलों, सड़कों, पार्कों, बाजार, कार्यालय आदि स्थानों पर पूर्णत: स्वच्छ तथा प्लास्टिक मुक्त किया गया। यह अभियान 21 जनवरी तक चलेगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर मोहननगर और कविनगर जोन और विजयनगर जोन क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें क्षेत्र के पार्षदों ने भी अभियान में हिस्सा लिया। आस पास के क्षेत्रवासियों को भी सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए जागरूक किया गया।

जोनल प्रभारी की देखरेख में सफाई मित्रों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जन सहयोग से शहर में प्लास्टिक मुक्त अभियान तथा धूल मुक्त अभियान चलाया। इसमें कई एनजीओ ने भी निगम का सहयोग किया। नगर आयुक्त ने सभी का धन्यवाद प्रकट करते हुए निगम अधिकारियों, सफाई मित्रों,जोनल प्रभारियों को स्वच्छ तीर्थ अभियान के लिए प्रोत्साहित किया। शहर में सभी वार्डों के पार्षदों द्वारा अभियान में हिस्सा लिया गया। शहर की सुंदरता को बनाते हुए निगम द्वारा कूड़ा डलावघर को भी खत्म किया जा रहा है। इसमें कई सामाजिक संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं।