रेप और हत्या के आरोपी पर उतरा भीड़ का गुस्सा
लखनऊ। जनपद बरेली में 4 साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को भीड़ ने दबोच कर जमकर पीटा। मारपीट में गंभीर रूप से घायल आरोपी ने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था। कुछ माह पहले रेप के बाद मासूम की हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद हत्यारोपी प्रेमपाल फरार हो गया था। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। नागरिकों ने रेप एवं हत्या के आरोपी प्रेमपाल को खुलेआम घूमते देखा। ऐसे में नागरिकों का गुस्सा भड़क गया। उग्र भीड़ ने पीट-पीटकर प्रेमपाल की हत्या कर दी। हत्यारोपी आंवला क्षेत्र के गांव तुमडिय़ा खरगपुर के पास घूमता दिखाई दिया। इस दरम्यान मृतक बच्चे के परिवार के कुछ सदस्यों ने ग्रामीणों की मदद से उसे दबोच लिया। आक्रोशि भीड़ ने प्रेमपाल को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रेमपाल को अस्पताल भेजा। बरेली अस्पताल लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि प्रेमपाल थाना बिशारतगंज के गांव महतिया डांडी का रहने वाला था। उसकी करतूत से ग्रामीण काफी गुस्से में थे। प्रेमपाल की हत्या की सूचना मिलने के बावजूद परिजन किसी प्रकार की कार्रवाई के लिए पुलिस के पास नहीं पहुंचे। पुलिस ने चौकीदार की शिकायत पर 2 नागरिकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरेली में मॉब लीचिंग की यह घटना चर्चाओं में है। हालांकि पुलिस की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। बता दें कि आंवला थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले भी ग्रामीणों ने चोरी के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।















