-अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम ने चलाया अभियान
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब समेत तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया रात के अंधेरे में पार्क की आड़ में खड़ा होकर अवैध रूप से शराब तस्करी करता था। बाहरी राज्यों से जनपद में शराब तस्करी के खिलाफ सख्ती होने के बाद तस्करों ने अब लोकल दुकानों को ही अपना तस्करी का धंधा बना लिया है। तस्करों को भी लगने लगा है जब यूपी की शराब बेचने में कमाई हो रही है तो बाहर जाने का जोखिम क्यों उठाएं। यूपी की शराब में कमाई भले कम हो, मगर सुरक्षित तो है। इसलिए तस्कर अब यूपी शराब की तस्करी करने के लिए सबसे सुरक्षित महसूस कर रहे है। यहीं वजह है कि दिन में लाइसेंसी शराब की दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीद कर रख लेते है और फिर रात में दुकान बंद होने के बाद उसी शराब को महंगे दामों में बेच लेते है। सूत्रों का कहना है कि तस्कर इस धंधे में प्रतिदिन बिना किसी मेहनत के 400 से 500 रुपए की आमदनी कर लेते है। लेकिन अब जनपद गौतमबुद्ध नगर में शराब की दुकानों से शराब खरीद कर तस्करी करने वाले तस्करों और तस्करी के अड्डों को आबकारी विभाग की टीम ने चिन्हित कर लिया है। जो अब दिन के साथ रात में भी अपने-अपने क्षेत्र में घूम तस्करों की धरपकड़ कर रही है। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए है। जिससे जनपद को अवैध शराब के कारोबार से बिल्कुल समाप्त किया जा सकें।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया अवैध शराब के खिलाफ जिले में अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। बाहरी राज्यों से होने वाली तस्करी रोकने के लिए दिल्ली व हरियाणा बॉर्डर पर भी तीन शिफ्टों में आबकारी विभाग की टीमें पहरा दे रही है। जिस कारण बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी की संभावना कम हो गई है। बुधवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 गौरव चन्द व थाना फेज-1 की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर सेक्टर-10 स्थित पार्क के पास दबिश दी। मुखबिर से सूचना मिली की पार्क के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब तस्करी कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की टीम ने तस्करी कर रहे सूरज कुमार पुत्र चैनी को गिरफ्तार कर लिया। जिसके कब्जे से 90 पौवा कैटरीना ब्रांड के अवैध देशी शराब बरामद किया गया। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।
पूछताछ में पता चला कि वह लाइसेंसी दुकानों से दिन में ही शराब खरीद कर घर में रख लेता था और रात होने पर उक्त शराब को पार्क के पास खड़ा होकर क्षेत्र के लोगों को महंगे दामों में बेचता था। उन्होंने बताया अवैध शराब के खिलाफ टीम को कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए है। साथ ही दिन के साथ रात में भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। जेल गए तस्करों से मिली सूचना के आधार पर भी कुछ जगह को चिन्हित किया गया है। जहां पर छोटे तस्कर लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर तस्करी करते है। जिससे क्षेत्र में होने वाली यूपी मार्का शराब तस्करी को भी रोका जा सकें। क्योंकि दुकान से शराब खरीदकर तस्कर किसी मानसिकता के साथ शराब तस्करी कर रहा है, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है। इस तरह की शराब मिलावटी और जहरीली भी हो सकती है। जिसके लिए टीम द्वारा जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक कर रही है।















