फिर विवादों में तनिष्क, हटाना पड़ा विज्ञापन

दीपावली पर ग्राहकों को लुभाने की योजना फ्लॉप

नई दिल्ली। नामचीन टाटा समूह की कंपनी टाइटन के ज्वैलरी ब्रैंड तनिष्क के सितारे आजकल गर्दिश में चल रहे हैं। तनिष्क के नए विज्ञापन पर अब बवाल खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर विवाद बढऩे के बाद कंपनी को यह विज्ञापन भी वापस लेना पड़ गया है। दीपावली पर्व के मद्देनजर ज्वैलरी की बिक्री बढ़ाने को यह विज्ञापन लॉन्च किया गया था। इस विज्ञापन में मॉडल सयानी गुप्ता यह कहती दिखाई देती हैं कि वह दीपावली पर पटाखे छुड़ाने की बजाए कुछ समय अपनी मां के साथ गुजारना पसंद करेंगी। तनिष्क के इस विज्ञापन पर भी सोशल मीडिया पर यूजर्स ने बेहद नाराजगी जाहिर की है। एकत्वम कैंपेन के तहत जारी इस विज्ञापन में नीना गुप्ता, सयानी गुप्ता, निमरत कौर और अलाया फर्नीचरवाला ने काम किया है। वह आपस में बातचीत कर रही हैं। सयानी गुप्ता कहती हैं कि वह इस दीपावली पर पटाखे नहीं छुड़ाएंगी। इसकी बजाए अपनी मां के साथ कुछ समय व्यतीत करना पसंद करेंगी, मगर सोशल मीडिया पर इस विज्ञापन का विरोध भी शुरू हो गया है। विज्ञापन को हिंदुओं की परंपरा पर चोट के रूप में पेश किया गया। इसके पहले त्यौहारी सीजन को देखकर तनिष्क ने हिंदू लड़की की मुस्लिम परिवार में शादी से जुड़ा विज्ञापन वीडियो जारी किया था, मगर यह उसके लिए परेशानी का कारण बन गया। वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसका विरोध शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में यूजर्स ने इसे कथित लव जिहाद को बढ़ावा देने वाला बताया। बाद में तनिष्क को इस विज्ञापन को हटाने पर मजबूर होना पड़ा था। हालांकि कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तनिष्क का समर्थन किया था। ताजा विवाद के बाद कंपनी की बेचैनी बढ़ गई है। त्यौहारी सीजन में कंपनी को बड़ा घाटा होने की चिंता रही है। फिल्हाल सोशल मीडिया पर तनिष्क बायकॉट ट्रेंड कर रहा है।