विधान सभा की 243 सीटों के लिए कराई जाएगी मतगणना
नतीजों से पहले सियासत में तूफान आने से पहले की शांति
पटना। बिहार में विधान सभा चुनाव के परिणाम मंगलवार को आ जाएंगे। मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शांति एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। इसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद किए गए हैं। कुल 55 केंद्रों पर मतगणना होगी। बिहार में विधान सभा की कुल 243 सीटे हैं। इन सीटों के लिए 3 चरण में मतदान कराया गया था। अब 10 नवंबर यानि मंगलवार को मतगणना कराई जाएगी। सूबे में कुल 55 केंद्रों पर सुबह 8 बजे से मतगणना का काम शुरू होगा। बिहार के 38 जिलों में 55 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। जहां की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ की 59 कंपनियां तैनात की गई हैं। कोरोना काल में मतगणना कराने के लिए चुनाव आयोग ने व्यापक तैयारियां की हैं। चुनाव आयोग कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर काफी एहतियात बरत रहा है। चुनाव आयोग की तरफ से मतगणना में शामिल होने वाले सभी नागरिकों के लिए फेस मास्क अनिवार्य किया गया है। मतगणना के दौरान पारदर्शिता रखने के साथ-साथ सुरक्षा और अन्य कारणों से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। प्रत्येक मतगणना केंद्र के आस-पास 3 लेयर का सुरक्षा घेरा होगा। सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) फिर बिहार सैन्य पुलिस (बीएमपी) और फिर जिला पुलिस को तैनात किया गया है।
सामने आया कांग्रेस का डर
बिहार विधान सभा चुनाव के परिणाम से पहले कांग्रेस के बिहार पर्यवेक्षक अविनाश पांडे ने महागठबंधन की जीत का दावा किया है। अविनाश पांडेय ने कहा कि वे (एनडीए) जितना प्रयास कर सकते हैं कर लें, मगर कांग्रेस या महागठबंधन के किसी भी विधायक को अपने पाले में नहीं कर पाएंगे। हमारे सभी निर्वाचित प्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारियों को जानते हैं और बिहार की जनता को कुछ अच्छा देना चाहते हैं। मुझे नहीं लगता कि महागठबंधन के किसी भी विधायक को फुसलाया जाएगा या वे बहल जाएं।
भाजपा को उम्मीद, मिलेगी जीत
एग्जिल पोल बेशक बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने का दावा कर चुके हैं, मगर भाजपा ने उम्मीदों का दामन नहीं छोड़ा है। भाजपा को पूरा यकीन है कि नतीजे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में आएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने सोमवार को कहा कि 10 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक यह तय हो जाएगा कि बिहार में भारी बहुमत से राजग की सरकार बनने जा रही है। तेजस्वी यादव 10 नवंबर की सुबह तक खुशी मना लें। नीतीश कुमार पुन: बिहार के मुख्यमंत्री पद की कमान संभालेंगे। बिहार भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश मिश्र चुनाव परिणाम को लेकर कतई आशंकित नहीं है। राकेश मिश्र का कहना है कि हमने काम किया है और हमें काम की मजदूरी मिलेगी। चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में होगा और पार्टी के हम सभी कार्यकर्ता चुनाव परिणाम को लेकर सकारात्मक हैं। किसी के भी मन में कोई शंका नहीं है।
















