स्कूलों में अध्यापकों व छात्रों की नियमित लगवाए डिजिटल हाजिरी: अभिनव गोपाल

गाजियाबाद। जनपद के सरकारी स्कूलों में अध्यापकों और छात्रों की नियमित रूप से डिजिटल हाजिरी लगवाई जाए।बुधवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने बेसिक शिक्षा विभाग की अप्रैल माह की समीक्षा बैठक में यह दिशा-निर्देश दिए। सीडीओ ने बैठक में डॉयट के वरिष्ठ प्रवक्ता शाहीन, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश श्रीवास,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव,खंड शिक्षा अधिकारी जमुना प्रसाद, सर्वेश कुमार, इशक लाल, नरेंद्र कुमार,अभिषेक,डीसी रुचि त्यागी,अरविंद,टिंकू कंसल, राकेश कुमार, कुणाल मुदगल, एसआरजी पूनम शर्मा, विनीता त्यागी, देवांकुर समेत सभी एआरपी आदि उपस्थित रहे। सीडीओ ने बैठक में सभी अध्यापकों और छात्रों की नियमित डिजिटल हाजिरी लगवाना सुनिश्चित करने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया।

उन्होंने निर्देशित किया कि नए शैक्षिक सत्र में 6 से 14 वर्ष की आयु का कोई भी विद्यार्थी बिना विद्यालय नामांकन के ना रहे। इसके लिए हाउस होल्ड सर्वे को प्राथमिकता के आधार पर जनपद के प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगर पंचायत में संचालित किया जाए। प्रत्येक घर का सर्वे समयबद्ध रूप से पूर्ण कर लिया जाए। सभी बच्चों को स्कूल में आने के लिए प्रेरित करने और नवीन नामांकन को बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान संचालित किया जाए। कक्षा 1,2,3 के छात्रों को भाषा और गणित में निपुण बनाने के लिए आधार शिला क्रियान्वयन संदर्शिका आधारित शिक्षण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सेंट्रल स्क्वायर फाउंडेशन की निपुण कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण एसआरजी देवांकुर द्वारा किया गया।