निगम की कार्रवाई के बाद नही सुधर रहे व्यापारी, कर रहे पॉलीथिन का प्रयोग

-कवि नगर जोन में चला प्लास्टिक मुक्त अभियान,  2 लाख 3 हजार रुपये का वसूला जुर्माना

गाजियाबाद। सिंगल यूज (एकल इस्तेमाल) प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगने के बाद भी न लोग और न ही व्यापारी इसका इस्तेमाल करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जिसके लिए नगर निगम की टीम लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने के साथ बाजारों में कार्रवाई भी कर रही है। मगर प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग बदस्तूर जारी है। इस स्थिति के लिए कहीं न कहीं व्यापारी भी जिम्मेदार हैं, क्योंकि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करना जैसे उनकी आदत में शुमार हो गया है। भले ही निगम इन पर जुर्माना लगाकर कार्रवाई करें, इस्तेमाल फिर भी करना ही है। कुछ व्यापारी निगम का सहयोग कर रहे है तो कुछ निगम की कार्रवाई के बाद भी सुधरने का नाम नहीं ले रहे है। इसी क्रम में कवि नगर जोन द्वारा प्रवर्तन दल टीम और स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर कार्यवाही की।

जिसमें आरडीसी राजनगर सेक्टर-23 संजय नगर के मार्केट एरिया में कार्यवाही की गई। लगभग 5 किलो से अधिक पॉलिथीन को जब्त करते हुए 2 लाख 3 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।  नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाने के लिए न केवल विशेष टीम बनाई हुई है। बल्कि विशेष दिनों में विशेष कार्यवाही के लिए भी निर्देश दिए हुए हैं। सभी दुकानदारों पर निगम की नजर है। जो भी सिंगल यूज प्लास्टिक थोक या खुदरा बेचा करते हैं, उनके खिलाफ सबसे पहले कार्रवाई की जा रही है। अगर सिंगल यूज प्लास्टिक की बिक्री नहीं होगी तो लोग इस्तेमाल नहीं करेंगे। जिसके लिए लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरुक करने के साथ-साथ कार्रवाई भी की जा रही है।

प्रदूषण फैला रही तंदूर को कराया बंद
नगर निगम की टीम जहां पर्यावरण संरक्षण को लेकर सिंगल यूज (एकल इस्तेमाल) प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चला रही है तो वहीं खुले में प्रदूषण फैला रही तंदूरों को भी बंद कराया जा रहा है। लगभग 13 रेस्टोरेंट होटल ढाबे के पास जाकर खुले में चल रहे तंदूर को बंद करते हुए जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों से डस्टबिन रखने की अपील भी की गई और प्रतिबंधित प्लास्टिक का बहिष्कार करने के लिए जागरूक किया गया। नगर निगम द्वारा रोस्टर के क्रम में कार्यवाही की जा रही है। नगर आयुक्त द्वारा शहर वासियों से प्लास्टिक का पूर्ण बहिष्कार करने की अपील की गई है। जनप्रतिनिधियों की विशेष सहयोग से शहर वासियों को भी प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध कार्यवाही के लिए जागरूक किया जा रहा है। व्यापारी वर्ग भी नगर निगम का विशेष सहयोग कर रहा है।