गाजियाबाद। शहर में नामचीन मिठाई दुकानों द्वारा चिकनाई युक्त पानी को नगर निगम की सीवर लाइनोंं में डाला जा रहा है। इस बात का खुलासा महापौर सुनीता दयाल ने गुरुवार को कराई गई जांच के बाद हुआ। महापौर के निर्देश पर नगर निगम ने शहर की इन नामचीन मिठाई दुकानों को नोटिस भेजे है। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि शहर में मिठाई की दुकानों द्वारा चिकनाई युक्त सीवर लाइनों में पानी डाले जाने की शिकायत मिली थी। इससे सीवर लाइन चोक हो रही हैं। इसका संज्ञान लेते हुए महापौर ने कार्रवाई के निर्देश दिए। महापौर के निर्देश पर गुरुवार को निगम के जलकल विभाग के अवर अभियंता अजय कुमार सिंह ने टीम के साथ आंबेडकर रोड स्थित हल्दीराम स्वीट्स,नत्थू स्वीट्स,गणेश बीकानेर वाला,बीकानेर वाला,शगुन स्वीट्स,राकेश मार्ग स्थित मदन स्वीट्स का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान इन स्वीट्स की दुकानों को वेस्ट पानी सीवर में चिकनाई से भरा हुआ मिला। इसकी वजह से सीवर लाइन चोक हो रही हैं। दुकानों से चिकनाई निकलती है और स्वीट्स, रेस्टोरेंट, गाड़ी धुलाई सेंटर एवं अन्य पर इंप्यूलेंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) चेंबर बनाकर प्लांट लगाया जाता है। प्लांट चिकनाई को अलग कर देता है। स्वीट्स दुकानदारों द्वारा ऐसी कोई व्यवस्था नहीं किए जाने पर इनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। महापौर ने कहा कि शहर में सभी प्रतिष्ठान अपने यहां पर ईटीपी प्लांट लगवाए। सीवर जाम होने की वजह से शहर में ओवरफ्लो की स्थिति बनेगी। इसलिए यह प्लांट जरूर लगवा लें।

















