-संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की बैठक सम्पन्न
गाजियाबाद। जनपद में संचारी रोग नियंत्रण को लेकर 1 जुलाई से अभियान चलेगा। इसके साथ ही 11 जुलाई से घर-घर दस्तक अभियान चलाया जाएगा। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर 13 विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। सीडीओ ने कहा कि 1 से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान 11 से 31 जुलाई तक चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग के अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करेगें। ताकि जनपद को आगामी संक्रामक सीजन में संचारी रोगों के प्रसार को नियंत्रित एवं न्यूनतम रखा जा सकें। बीते 5 वर्षों के सूचकांक के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों,गांव आदि में विशेष अभियान चलाकर इस वर्ष उन क्षेत्रों में संचारी रोगों के प्रसार को नियंत्रित किया जाए। पंचायती राज विभाग,ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में एमओआईसी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए तालाबों की साफ-सफाई एवं आसपास की झाडि़य़ों की कटाई को प्राथमिकता के तौर साफ कराएंगे।
नगर निगम आरडब्ल्यूए के साथ समन्वय बैठक स्थापित करेंगे। नगर निगम,नगर पालिका परिषद एवं जिला पंचायती राज अधिकारी नियत समयावधि में साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव एवं फॉगिंग आदि का कार्य सुनिश्चित कराएंगे। सीडीओ ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित किया कि वह साप्ताहिक बाजारों एवं खुले में बिकने वाली मिठाइयों की जांच करेंगे। कृषि,सिंचाई विभाग मच्छर प्रजनन स्थलों का चिन्हिकरण कर सोर्स रिडक्शन की कार्रवाई,झाडिय़ों की कटान,मच्छर प्रजनन रोकने आदि के संबंध में माइक्रो प्लान तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उद्यान विभाग को मच्छर रोधी पौधों जैसे लेमनग्रास, तुलसी, नीम का अधिक से अधिक पौधारोपण करें। जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त को निर्देशित किया कि वह निर्माण साइट पर कार्यरत एजेंसी,फर्म ठेकेदार की सूचना जिला मलेरिया अधिकारी को उपलब्ध कराए। उप श्रमायुक्त विभाग कंस्ट्रक्शन साइट पर कार्यरत श्रमिकों की सूचना जिला मलेरिया अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी पशुपालन विभाग द्वारा नगर निगम को सभी सूअर पालकों एवं पोल्ट्री फार्म की सूचना उपलब्ध कराएंगे।
जीडीए उपाध्यक्ष द्वारा चिन्हित किए गए डेंगू से प्रभावित क्षेत्रों जैसे क्रॉसिंग रिपब्लिक, इंदिरापुरम,राजेन्द्र नगर साहिबाबाद के क्षेत्रों में नोडल अधिकारी नामित किए जाए। निर्माणाधीन स्थलों पर मच्छर प्रजनन की स्थिति को रोकने के लिए दिशा-निर्देश निर्गत कराने का कष्ट करें। जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि वह छात्र-छात्राओं को फुल ड्रेस में स्कूलों,कॉलेजों में आने के लिए अभिभावक को अपने माध्यम से संवेदीकरण करते हुए तथा प्रत्येक निजी / सरकारी विद्यालयों में संचारी रोग अभियान के लिए नोडल अध्यापकों को नामित करने के लिए निर्देशित किया जाए। जनपद में संचारी रोगों के प्रसार का नियंत्रित करने के लिए संबंधित 13 विभागों के अधिकारी उपस्थित हुए। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भवतोष शंखधर, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप द्विवेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी शशि वाष्र्णेय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश श्रीवास, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीप्रकाश पांडेय, जिला सर्विलांस अधिकारी, आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी, नगर पंचायत व नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी,बीडीओ आदि उपस्थित रहे।
















