बखरवा-विद्यापुर में गरजा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का बुलडोजर

-दो अवैध कॉलोनी में ध्वस्त किए पोल, सड़क
-नक्शा स्वीकृत कराए बिना किया निर्माण तो होगी कार्रवाई: कनिका कौशिक

गाजियाबाद। नक्शा स्वीकृत कराए बिना अवैध रूप में प्लाटिंग और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) का बुलडोजर चलना शुरु हो गया है। अवैध निर्माण को जीडीए हर दिन बुलडोजर चलाकर तहस नहस कर रहा है। जीडीए द्वारा अवैध निर्माण के साथ ही अवैध प्लाटिंग पर प्रभावी ढंग में अंकुश लगाने के उद्देश्य से सघन अभियान चलाया हुआ है। अवैध रूप से काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनियों में सड़क, बाउंड्रीवाल, बिजली पोल व निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है।

जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के आदेश पर बुधवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-2 की प्रभारी एवं ओएसडी कनिका कौशिक ने सहायक अभियंता योगेश कुमार पटेल, अवर अभियंता योगेंद्र वर्मा, सुनील कुमार एवं जीडीए पुलिस की मौजूदगी में मोदीनगर क्षेत्र के गांव बखरवा में खसरा संख्या-253,271,272 पर संजय सहरावत, आश्रेय जयंत आदि द्वारा लगभग 25 बीघा क्षेत्रफल में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में कॉलोनाइजर द्वारा बनाई जा रही सड़क, बिजली पोल, बाउंड्रीवाल आदि को फिर से बाकी बचे हुए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

इसके अलावा मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम विद्यापुर में लगभग 5 बीघा क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी में की जा रही प्लाटिंग का कार्य मिलने पर बुलडोजर चलाकर सड़क और बाउंड्रीवाल को ध्वस्त किया गया। जीडीए ओएसडी कनिका कौशिक ने कहा कि नक्शा पास कराए बिना अवैध रूप में प्लाटिंग और निर्माण कराने वाले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत करा लें, अन्यथा उनके निर्माण को भी ध्वस्त करते हुए संबंधित लोगों के विरुद्ध विभागीय स्तर से कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।

इसके साथ ही प्रवर्तन जोन के सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा सुपरवाइजर अवैध निर्माण पर सतत् निगरानी रखते हुए ध्वस्त किए गए अवैध निर्माण को पुन:शुरू न होने पाए। अगर पुन: अवैध निर्माण पाया गया तो संबंधित के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जीडीए सीमा क्षेत्र अंतर्गत भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही निर्माण किया जाए। कोई भी व्यक्ति किसी भी वादग्रस्त, विवादित निर्माण में संपत्ति का क्रय-विक्रय न करें।