छठ घाटों पर स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा एवं सफाई सुविधाओं की होगी समुचित व्यवस्था
गाजियाबाद। पूर्वांचल का प्रसिद्ध त्योहार छठ पूजा नहाय-खाय के साथ बुधवार से शुरू हो गया। इसके लिए तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। महापर्व छठ को लेकर डीएम अजय शंकर पाण्डेय ने एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह और म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर की मौजूदगी में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम आयोजक समितियों से प्रदेश सरकार की कोविड-19 प्रोटोकॉल नियम का पालन करने की अपील की। वहीं म्युनिसिपल कमिश्रर ने व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएम ने पुरबिया जनकल्याण परिषद समिति के महासचिव को प्रदेश सरकार की गाइडलाइंस भी सौंपी। निरीक्ष्रण के दौरान समिति पदाधिकारियों ने घाट के दोनों ओर सफाई कराने की मांग की। डीएम अजय शंकर पांडेय ने छठ पूजा समिति के सदस्यों से अपील की है कि जिले में अभी कोरोना के संक्रमण का खतरा टला नहीं है। इसके चलते सभी नागरिक छठ पूजा के त्योहार को कोरोना के दृष्टिगत रखते हुए बहुत ही सुरक्षित होकर हर्षोल्लास व परंपरागत रूप से मनाएं। घर से बाहर निकलने पर सभी मास्क का प्रयोग करें और शारीरिक दूरी के नियम का पालन करें।
सभी घाटों का सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। उन्होंने अपील की है कि हो सके तो छठ पूजा घर पर रहकर ही मनाएं, बहुत जरूरी हो तभी घाटों पर जाएं। हिंडन में गंगनहर से पानी छोड़ दिया गया है। नगर निगम की तरफ से सफाई व बिजली समेत अन्य प्रकार की व्यवस्था की जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रदेश सरकार की जारी गाइडलाइंस का नियमित तौर पर पालन हो। छठ पर महिलाओं से उन्होंने घर पर ही पर्व मनाने की अपील की। डीएम ने रामलीला, दशहरे, ईद और अन्य त्योहारों का उदाहरण देते हुए घाट पर भीड़ न लगाने की अपील की। म्युनिसिपल कमिश्रर ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में कोई कमी न रहे, महिलाओं के लिए शौचालय और चेंजिंंग रूम, कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत दो गज की दूरी और मास्क है जरुरी, एम्बुलेंस, सीसीटीवी कैमरे, घाट पर कंट्रोल रूम बनाने, जल व्यवस्था, हैंडवॉशिंंग स्टेशन और सैनिटाइजेशन आदि की व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए कहा। व्रतियों को कोरोना से बचाव के लिए छठ महापर्व में जारी गाइडलाइन के बारे में ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। साथ ही सभी वार्डों के वार्ड पार्षदों व सामाजिक लोगों द्वारा गलियों की सफाई कराई जा रही है। सड़कों पर भी सफाई का कार्य किया जा रहा है। ताकि व्रतियों को आने जाने में कोई परेशानी ना हो। इस दौरान नगर निगम, सिंचाई विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। पुरबिया जनकल्याण परिषण समिति के महासचिव पंं. राकेश कुमार ने बताया कि कोरोना संंक्रमण की रोकथाम के लिए गली-मोहल्ले में एक वैन को घुमाया जाएगा। जिसमें लोगों से अपील की जाएगी कि छठ व्रती महिलाओं के अलावा दूसरा कोई व्यक्ति घाट पहुंचकर भीड़ न करें। इसके अलावा घाट पर पहुंचने से पहले कोरोना टेस्ट कराना अनिवार्य है।
दीपावली पर्व के बाद नगर निगम की टीम पूरी तरह से छठ पर्व की तैयारियों में जुट गई है। दो दिनों से नगर निगम की टीम द्वारा छठ की तैयारियों के तहत साफ सफाई का काम कर रही है। बुधवार सुबह म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने छठ पर्व की व्यवस्थाओं का जायजा हिंडन घाट पर पहुंचकर लिया। इस मौके पर म्युनिसिपल कमिश्रर ने छठ घाट हिंडन नदी की सफाई के साथ संपर्क मार्ग और मुख्य सड़क पर सफाई के निर्देश दिए। इसके अलावा छठ घाट पर प्रकाश की पूरी व्यवस्था हो इसके लिए उन्होंने प्रकाश विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें सुचारू रूप से जलनी चाहिए। यही नहीं खराब स्ट्रीट लाइटों को समय रहते ठीक करा लिया जाये। ताकि अर्घय देने पहुंचे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। इसके अलावा उन्होंने छठ घाट के सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक दिशा निर्देश उद्यान विभाग को दिए।
















