विजयनगर में सार्वजनिक क्षेत्रों का म्युनिसिपल कमिश्रर ने किया निरीक्षण
गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 को दृष्टिगत शहर की सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के उद्देश्य से म्युनिसिपल कमिश्रर द्वारा निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। सफाई व्यवस्था को लेकर म्युनिसिपल कमिश्रर के सख्त निर्देश है कि शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बिल्कुल बर्दास्त नही होगी। जिले की सफाई व्यवस्था चौपट नहीं है। यह ऐसा कार्य है, जहां पर प्रतिदिन बेहतर तरीके से कार्य करने की जरूरत होती है। किसी कारण से कार्य में कुछ कमी रह जाती है। शिकायत आती है। जिसका निरीक्षण स्वयं प्रतिदिन म्युनिसिपल कमिश्रर कर रहे हैं।
बुधवार सुबह म्युनिसिपल कमिश्रर महेंन्द्र सिंह तंवर द्वारा विजयनगर जोन में गौशाला फाटक के साथ मिलिट्री ग्राउंड, सैन चौराहा, जोनल आफिस, रेलवे रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान म्युनिसिपल कमिश्रर ने सैन चौराहे के सौंदर्यीकरण कराने का उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज कुमार सिंह को निर्देश दिए। म्युनिसिपल कमिश्रर ने गौशाला फाटक से सम्राट चौक पर मिलिट्री ग्राउंड की सफाई का कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां पर साफ सफाई कराने का निर्देश दिए और टहल रहे गोवंशों को देखकर नंदी पार्क गौशाला में पहुंचाने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने सेंट्रल वर्ज की सफाई का कार्य को देखकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सड़कों की साफ सफाई के साथ सेंट्रल वर्ज के साफ सफाई का काम भी होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान वह सैन चौराहे पर पहुंचे, चौराहे को विजय नगर की आत्मा कहते हुए उन्होंने अधिकारियों को चमकाने का निर्देश दिया। इस दौरान उत्सव बैंकट हॉल से जोनल ऑफिस तक सफाई का कार्य देखकर वह संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने यहां बेहतर सफाई के निर्देश दिया। इसके अलावा रेलवे रोड टी पॉइंट (उत्सव बैंकट हॉल के समीप) पर वॉल पेंटिंग का कार्य कराने का निर्देश जारी किया गया। प्रताप विहार फ्लाईओवर पर सेंट्रल व्रज में मिट्टी डालकर उद्यानीकरण व लाइट्स का कार्य कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। विजय नगर जोन की सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को चेतावनी देते हुए कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एसबीएम नोडल अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश, विजयनगर जोनल प्रभारी राजवीर सिंह, जोनल प्रभारी बनारसी दास अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
















