नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे
पटना। नवनिर्वाचित विधान सभा को नए प्रोटेम स्पीकर भी मिल गए हैं। वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ दिलाई है। 23 व 24 नवंबर को मांझी सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद विधान सभाध्यक्ष का चुनाव होने तक वह प्रोटेम स्पीकर के तौर पर सदन का संचालन करेंगे। विधान सभा अध्यक्ष का चुनाव 25 नवम्बर को प्रस्तावित है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पटना साहिब से विधायक नंद किशोर यादव को यह दायित्व सौंपा जाएगा। उधर, प्रोटेम स्पीकर की शपथ लेने के बाद जीतन राम मांझी विधान सभा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह पिछले 34 साल से सदन के सदस्य हैं। इसलिए वरिष्ठता के आधार पर उन्हें प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है। बिहार विधान सभा और विधान परिषद का सत्र 23 से 27 नवंबर तक चलेगा। पहले 2 दिन नव-निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। 25 नवंबर को नए स्पीकर भी पद ग्रहण करेंगे। 26 नवम्बर को राज्यपाल फागू चौहान का अभिभाषण होगा। 27 नवम्बर को राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद-विवाद और सरकार का जवाब आएगा। नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में 2 प्रस्ताव पर मुहर लगी थी। विधान सभा सत्र के अलावा दूसरे निर्णय में सदन में राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप को अनुमोदित करने हेतु मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है। इसके तहत विधान परिषद की जगह विधान सभा के भवन में कार्रवाई चलेगी। विधान सभा की कार्रवाई नए विस्तारित भवन में होगी। बता दें कि बिहार विधान सभा चुनाव में भाजपा और जनता दल यूनाईटेड गठबंधन ने बाजी मारी है। महागठबंधन को हार का सामना करना पड़ा है। महागठबंधन के सबसे प्रमुख दल राजद को सर्वाधिक 75 सीटें मिली हैं। जबकि दूसरे नंबर पर भाजपा रही। भाजपा को 74 सीटें प्राप्त हुई हैं।
















