जम्मू में नगरोटा टोल प्लाजा के पास एनकाउंटर
जम्मू। आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जम्मू के नगरोटा में वीरवार को तड़के सुरक्षा बलों ने 4 आतंकियों को ढेर कर दिया। चारों आतंकी ट्रक के भीतर छिपे बैठे थे। नगरोटा टोल प्लाजा के पास करीब ढाई घंटे तक यह ऑपरेशन चला। मौके से काफी संख्या में हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है। आतंकियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह के मुताबिक सांबा सेक्टर के जरिए जैश-ए-मौहम्मद के 4 आतंकी भारत में घुस गए थे। इसके बाद चारों आतंकी चावल की बोरियों से लदे ट्रक में सवार होकर पुलवामा-शोपियां जा रहे थे। जम्मू- कश्मीर में आसन्न जिला पंचायत चुनाव के कारण सतर्कता बरती जा रही है। नतीजन जगह-जगह नाकाबंदी कर वाहनों की जांच हो रही है। वीरवार को तड़के करीब पौने 5 बजे नगरोटा टोल प्लाजा पर ट्रक को जांच के लिए रोका गया। ऐसे में ट्रक में छिपे आतंकियों ने पुलिस टीम पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। माजरा समझ में आने पर पुलिस टीम ने ट्रक को चारों तरफ से घेर लिया। आतंकी हमले की सूचना मिलने पर नजदीकी पोस्ट पर तैनात सेना के जवान तत्काल घटनास्थल पर आ पहुंचे। किसी अनहोनी को टालने के लिए जम्मू-कश्मीर राजमार्ग पर आनन-फानन में वाहनों का संचालन रोक दिया गया। लगभग ढाई घंटे तक चली मुठभेड़ में आतंकियों ने कई बार ट्रक से बाहर निकलने का प्रयास किया, मगर सुरक्षा बलों के जवानों ने उन्हें बाहर नहीं आने दिया। सुरक्षा बलों ने फायरिंग कर ट्रक के भीतर आतंकियों को मौत की नींद सुला दिया। इस दरम्यान जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के 4 जवान जख्मी हो गए। जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि जैश-ए-मौहम्मद के चारों आतंकी विदेशी थे। वह पंचायत चुनाव में नेताओं को निशाना बनाना चाहते थे।
















