महापौर सुनीता दयाल के निरीक्षण में फिर मिली खामियां

-प्राइवेट ट्रैक्टर-ट्राली से डाला जा रहा कूड़ा, 3 ट्रैक्टर की चाबी जब्त

गाजियाबाद। शहर से निकलने वाले कूड़े को कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन में प्राइवेट ट्रैक्टर-ट्रॉली से डाला जा रहा है। गुरुवार को महापौर सुनीता दयाल जब कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण करते हुए मौके पर पहुंची तो यह बात सामने आई। महापौर ने मौके पर तीन ट्रैक्टर की चाबी जब्त कर ली। महापौर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को अवैध वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। गुरुवार को महापौर ने सौर ऊर्जा मार्ग साहिबाबाद स्थित नेचर ग्रीन द्वारा संचालित कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन एवं गोविंदपुरम स्थित जेएस इन्वायरो कंपनी द्वारा संचालित कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया कि दोनों स्थानों पर प्राइवेट ट्रैक्टर-ट्रॉली से लगातार कूड़ा लाया जा रहा है। इनमें से कुछ पर नगर निगम भी लिखा हुआ था।

महापौर के पूछने पर ट्रैक्टर चालकों ने बताया कि रोजाना यहां कूड़ा लेकर आते है। ट्रैक्टर-ट्रॉली प्राइवेट है। ठेकेदार की जेएस इन्वायरो के मालिक की बात हो गई है। मैसर्स जेएस इन्वायरो कंपनी के कर्मचारियों से पूछा गया तो बताया कि यह व्यक्ति अंदर ट्रैक्टर लेकर कैसे आ गया। किसी अनुमति से खाली करा रहा है इसका पता नहीं। महापौर ने बताया कि कंपनी द्वारा कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन का संचालन किया जा रहा है। कोई भी ट्रैक्टर कूड़ा खाली करने आया है और आप लोग आराम से बैठे हो। नगर निगम की आंखों में धूल झोंकी जा रही है।

महापौर ने एक टै्रक्टर चालक से पूछा तो बताया कि वेनेट्री मॉल से कूड़ा लाया जा रहा है। कूड़ा प्राइवेट लोगों के साथ सांठगांठ कर ट्रांसफर स्टेशन पर डाल रहे है। जिसका भुगतान ठेकेदार को मिलेगा और फिर यहीं कूड़ा लैंड फिल साईट पर लेकर जाएगी। इसका खर्च नगर निगम पर पड़ेगा। कूड़ा तोल कर नगर निगम से पैसे लेगा। इससे नगर निगम को आर्थिक हानि हो रही है। महापौर ने दो दिन में पांच टै्रक्टर-ट्रॉली की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी है। इनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं।