गाजियाबाद। कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर के साथ हुए रेप और हत्या के विरोध में शनिवार को मोहन नगर स्थित मॉडर्न कॉलेज ऑफ लॉ के एलएलबी (3 वर्षीय पाठ्यक्रम) के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने हाथ में काली पट्टी बांधकर रैली निकालते हुए अपना विरोध जाहिर किया। जिसमें विभिन्न पोस्टर बैनर इत्यादि के माध्यम से अपराधियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई व शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की गई और महिलाओं के विरुद्ध हो रहे अपराधों की भी आलोचना की गई।
रैली के माध्यम से समाज के पुरुष व महिला वर्ग को भी जागरूक करने का प्रयास किया गया। हाथों में हाथ डालकर शक्तिशाली नारों वाले बैनर दिखाए, जैसे नोट्रे डेम फॉर जस्टिस, चुप्पी तोड़ो; हिंसा रोको। छात्र छात्राओं ने कहा, हम, छात्र होने के नाते, मानते हैं कि महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार और हिंसा के खिलाफ आवाज उठाना और लैंगिक समानता को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। हम सभी के लिए एक सुरक्षित समाज की मांग करते हैं और अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई करने और न्याय सुनिश्चित करने का आग्रह करते हैं।
रैली के माध्यम से, हम दिखाना चाहते हैं कि हम इस अत्याचार के खिलाफ एकजुट हैं और न्याय की मांग करते हैं। इस आयोजन ने सभी के लिए एक सुरक्षित और अधिक न्यायसंगत समाज बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता को उजागर किया। रैली के आयोजन में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ) निशा सिंह, विधि संकाय अध्यक्ष अंकुर गुप्ता, सहायक प्रोफेसर मोहित कुमार, विशाखा सिंह के साथ-साथ छात्राओं में सृष्टि, नितिन, इरम, कनक, कंचन, कीर्ति, श्वेता, निशा,रोहित, साहिबा, अंजू, संजय, पूजा, आशीष, इत्यादि शामिल रहे।


















