-संभव जनसुनवाई में प्राप्त हुए 20 संदर्भ, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सभी अधिकारियों से कहा संभव जनसुनवाई सहित विभिन्न संदर्भों में प्राप्त शिकायतों के संबंध में स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण करें। दोनों पक्षों को सुनने के बाद मौका-मुआयना की आख्या दी जाए। ताकि पीड़ित को बार-बार एक ही समस्या के लिए दौड़ न लगानी पड़े। फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के प्रति सरकार बेहद संवेदनशील हैं। इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही न की जाए। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी हो या फिर अधिकारी दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को निगम सभागार में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में संभव जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिसमें 20 संदर्भ प्राप्त हुए। अधिकांश संदर्भ निर्माण विभाग से संबंधित प्राप्त हुए।
जिनमें कई समस्याएं अनऑथराइज्ड कॉलोनी को लेकर भी प्राप्त हुई। नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। संभव के दौरान निर्माण विभाग से 6 संदर्भ, डूडा विभाग से 1 संदर्भ, स्वास्थ्य विभाग से 2, उद्यान विभाग से 2 संदर्भ, प्रकाश विभाग से 1 संदर्भ, टैक्स विभाग से 2 संदर्भ, अवैध अतिक्रमण संबंधित 2 संदर्भ व अन्य विभाग से 2 संदर्भ प्राप्त हुए। सबसे कम शिकायत प्रकाश विभाग से प्राप्त हुई। नगर आयुक्त ने जहां एक ओर सभी समस्याओं के समाधान के लिए टीम को निर्देशित किया। वहीं मुख्य रूप से सभी विभागीय अधिकारियों को भी जन समस्याओं के समाधान में स्थलीय निरीक्षण करने के लिए कड़े निर्देश दिए। कार्यालय में बैठे-बैठे समाधान करने को लेकर नगर आयुक्त सख्त हुए। जिसमें प्रकाश विभाग, मुख्य रूप से जलकल विभाग को स्थलीय निरीक्षण करते हुए समस्याओं के समाधान करने के लिए कहा गया और स्थलीय निरीक्षण की फोटो भी कार्यवाही आख्या में चाही गई।
इसी प्रकार अन्य विभागीय अधिकारियों को भी स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कार्यालय में बैठकर समस्या का समाधान नहीं होगा, धरातल पर पहुंच कर उसका स्थलीय निरीक्षण करने पर ही शिकायतों की वास्तविकता दिखाई देती है। ध्यान रखें शिकायत का निस्तारण होने के उपरांत उसका फीडबैक भी लें। प्रयास करें किसी भी समस्या को लेकर पीड़ित को बार-बार निगम के चक्कर न काटने पड़े। इस दौरान अपर नगर आयुक्त आयुक्त अवनेंद्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, लेखाधिकारी डॉ गीता कुमारी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, जीएम जलकल केपी आनंद, एमएनएलपी विवेक सिंह, ऑडिटर विमलेश सिंह, ऑडिटर रोहताश शुक्ला, एएओ जेपी सिंह, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह उपस्थित रहे।
















