-हरियाणा की सस्ती शराब समेत महिला तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली के रास्ते हरियाणा से करती थी शराब तस्करी
उदय भूमि
गाजियाबाद। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई के बाद भी एक बार फिर से कुछ तस्करों ने हरियाणा शराब का अवैध धंधा शुरु कर दिया है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से हरियाणा मार्का की अवैध शराब बरामद किया है। पकड़ी गई महिला तस्कर दिल्ली के रास्ते हरियाणा से शराब तस्करी कर रही थी। हरियाणा की शराब को लोनी स्थित ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में लाइसेंसी शराब की दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में हरियाणा की सस्ती शराब को बेचती थी। जो कि हाल ही में शराब तस्करी के मामले में जेल से छूट कर भी आई है। आबकारी विभाग ने बड़े माफिया को जिले से खदेड़ने के बाद अब छोटे शराब तस्करों पर भी अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जिले में चोरी छिपे शराब तस्करी करने वालों की कुंडली खंगाल कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। शराब तस्करों पर नजर रखने के लिए मुखबिर तंत्र के साथ ग्राम के प्रधान, सभासद और क्षेत्रीय लोग भी आबकारी विभाग की कार्रवाई में सहयोग कर रहे है। पकड़ी गई महिला शराब तस्कर भी आबकारी विभाग की जागरूकता का असर है कि क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सलाखों के पीछे भेज दिया।
आबकारी अधिकारी का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ जागरूकता ही एकमात्र ऐसा हथियार है, जिसके प्रयोग से अवैध शराब के धंधे को खत्म किया जा सकता है। जिसके लिए आबकारी विभाग देहात क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के बीच जागरूकता अभियान भी चलाता रहता है। आबकारी विभाग के जागरूकता अभियान से लोग जागरुक भी हो रहे है और खुद अपने-आसपास होने वाले अवैध शराब की सूचना दे रहे है। जिस पर टीम प्रभावी रूप से कार्रवाई भी कर रही है। पकड़ी गई महिला शराब तस्कर शातिर किस्म की है जो दिल्ली के रास्ते हरियाणा से शराब तस्करी कर रही थी। जिसकी शिकायत पिछले काफी दिन से मिल रही थी। जब महिला तस्कर को टीम पकड़ने जाती तो उससे पहले ही महिला फरार हो जाती थी। महिला की निगरानी के लिए मुखबिर तंत्र के साथ क्षेत्र के लोगों का भी सहयोग लिया गया। बुधवार को जैसे ही सूचना मिली कि महिला तस्कर क्षेत्र में अवैध रूप से शराब तस्करी कर रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की टीम ने अपना जाल बिछाया, जिससे महिला तस्कर फिर से न फरार हो जाए। टीम ने महिला तस्कर को रंगेहाथ शराब तस्करी करते हुए गिरफ्तार कर लिया। जिसकी निशानदेही पर घर में छिपाकर रखी हरियाणा शराब के पव्वे बरामद किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम का कहना है कि जिले को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी के मामले में जेल से छूटकर आए लोगों पर निगरानी के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। बुधवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली की थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्र स्थित पूजा कॉलोनी में एक महिला हरियाणा शराब की तस्करी कर रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा और डॉ. राकेश त्रिपाठी की टीम गठित की गई। टीम मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची तो महिला घर से ही शराब तस्करी कर रही थी। सूचना की पुष्टि के लिए सिपाही को सिविल वर्दी में ग्राहक बनाकर महिला के पास भेजा गया। जैसे ही सिपाही महिला के पास शराब लेने के लिए गया तो महिला ने रुपये लेकर घर के अंदर जाकर शराब का पव्वा सिपाही के हाथ में थमाया। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंच कर महिला तस्कर राजेश्वरी पत्नी स्वर्गीय राजेन्द्र हाल पता गली नंबर 13 पूजा कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया।
जिसकी निशानदेही पर घर में छिपाकर रखी 217 पौव्वे (कुल 39.06 लीटर) संतरा देसी शराब हरियाणा मार्का बरामद किया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह दिल्ली के रास्ते हरियाणा से शराब तस्करी करती थी। क्षेत्र में लाइसेंसी शराब की दुकान बंद होने के बाद वहीं क्षेत्र के लोगों की मदद से शराब तस्करी का धंधा करती थी। हाल ही में पुलिस ने भी महिला तस्कर को शराब तस्करी के मामले में जेल भेजा था। जो कि जेल से छूटन के बाद फिर से अवैध शराब का कारोबार कर रही थी। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही टीम को लाइसेंसी शराब की दुकानों का निरीक्षण करने और गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराने के भी निर्देश दिए गए है।


















