रात के अंधेरे में बेच रहे थे यूपी व हरियाणा की शराब, आबकारी विभाग की टीम ने रात्रि अभियान में पकड़े तीन तस्कर

उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने क्षेत्र में चोरी-छिपे हरियाणा और यूपी शराब की तस्करी कर रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी हरियाणा व यूपी की शराब को क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानें बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचते थे। जिले में चोरी-छिपे रात के अंधेरे में शराब तस्करी करने वाले तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई तेज कर दी है। दिन के साथ रात मेंं भी अभियान चलाकर आबकारी विभाग की टीम शराब तस्करों की खोजबीन कर रही है। जिससे उन्हें उनकी सही जगह पहुंचाया जा सकें। पुलिस की आंखो में धूल झोंक कर कुछ तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीद कर उसकी तस्करी कर रहे है तो कुछ हरियाणा से शराब लाकर बेच रहे है। शराब तस्करों पर अपनी नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने रात्रि अभियान की शुरुआत कर दी है। आबकारी विभाग की टीम दिन में तो कार्रवाई करेगी ही अब साथ ही रात में भी चेकिंग के साथ शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश देगी। जिससे जिले को अवैध शराब के कारोबार से पूरी तरह मुक्त किया जा सकें।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें दिन-रात छापेमारी एवं दबिश दे रही है। साथ ही शराब तस्करी के मामले में जेल से छूट कर आए तस्करों पर भी विभाग द्वारा निगरानी की जा रही है। मंगलवार देर रात आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय और थाना बादलपुर की संयुक्त टीम द्वारा संदिग्ध स्थानों पर दबिश की गई। दबिश के दौरान थाना बादलपुर स्थित डेरी मच्छा गांव के बाहर बंद पड़े मकान के पास अवैध रूप से शराब तस्करी कर रहे सोमवीर पुत्र श्याम लाल निवासी अशोक वाटिका कॉलोनी बादलपुर को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से 55 पौवे इम्पैक्ट ग्रेन व्हिस्की हरियाणा मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया आरोपी हरियाणा से शराब तस्करी कर क्षेत्र में लाइसेंसी दुकानें बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।

वहीं आबकारी निरीक्षक रवि जायसवाल और थाना सेक्टर-49 की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग के दौरान दबिश देकर थाना सेक्टर 49 में एसडी विद्या स्कूल सेक्टर-49 के दूसरी तरफ शौचालय के पास झाडिय़ों के पास छिपकर शराब तस्करी कर रहे सुमित पुत्र संतोष निवासी बुलंदशहर को गिरफ्तार किया गया। जिनके कब्जे से कैटरीना देशी शराब ब्रांड के 180 पौवे यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी दुकानें से दिन में ही शराब खरीद कर एकत्रित कर लेता था और रात होने पर उसी शराब को महंगे दामों में बेचता था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।

उधर आबकारी निरीक्षक गौरव चन्द और थाना फेस 1 की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर दबिश एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना फेस-1 में स्थित सेक्टर-8 नर्सरी के पास शराब तस्करी कर रहे नीतीश कुमार पुत्र संतराम शाह को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से विदेशी शराब ब्रांड के 48 पव्वे क्रेज़ी रोमियो हरियाणा मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर हरियाणा से शराब खरीद कर उक्त शराब को क्षेत्र में दुकानें बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। उन्होंने बताया शराब तस्करों का जिले से सफाया करने के लिए दिन के साथ रात में भी अभियान चलाकर कार्रवाई करने के लिए सभी आबकारी निरीक्षकों को निर्देश दिए गए है। साथ ही अभियान के तहत इसकी भी पुष्टि की जाएगी कि कहीं कोई विक्रेता दुकान बंद होने के बाद भी शराब तो नहीं बेच रहा है। शराब तस्करों पर कार्रवाई के साथ विक्रेताओं पर भी नजर रखने के लिए अभियान को चलाया जा रहा है। जो कि आगे भी लगातार इसी तरह जारी रहेगा।