-मानसिक स्वास्थ्य के लिए शारीरिक स्वस्थ रहना भी अनिवार्य: संजय कुमार
गाजियाबाद। स्वस्थ रहना सबसे बड़ा सुख है। कहावत भी है पहला सुख निरोगी काया। कोई आदमी तभी अपने जीवन का पूरा आनंद उठा सकता है, जब वह शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहे। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। इसलिए मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी शारीरिक स्वस्थ रहना अनिवार्य है। यह बातें श्रीराम पिस्टन्स कंपनी के वरिष्ठ जीएम संजय कुमार ने क्षय रोगियों के लिए मुफ्त क्षय रोग की दवाईयों की 18000 टैबलेट सीएमओ डॉ अखिलेश मोहन एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अमित विक्रम व उप मुख्य मेडिकल आफिसर डॉ राकेश गुप्ता को भेंट के दौरान कहीं। उन्होंने कहा श्रीराम पिस्टन्स समाज के उत्थान के लिए अनेकों कार्य पिछले कई वर्षों से लगातार करता आ रहा है। श्रीराम पिस्टन्स हमेशा से ही सामाजिक कार्य करती रही है।
वह चाहे शिक्षा के क्षेत्र में हो या फिर स्वास्थ्य संबंधी मामले में हो। उन्होंने बताया कंपनी के द्वारा 4 चैरिटेबल डिस्पेंसरी, एक मोबाइल मेडिकल वैन व प्रतिवर्ष 7 से 8 नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन का समाज के उत्थान के लिए निशुल्क किया जाता है। छात्राओं के विकास के लिए दो स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए निशुल्क कराटे का संचालन किया जाता है। जिसमें सर छोटू राम किसान कन्या इंटर कॉलेज दुहाई और लोहिया नगर स्थित गुरु नानक कन्या इंटर कॉलेज में इसका संचालन किया जा रहा है। जिससे हमारी बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए खुद की स्वयं रक्षा कर सकें। आज के युग में पढ़ाई के साथ हमारी बेटियों को भी आत्मनिर्भर बनना होगा, जिससे वह खुद ही खुद की रक्षा कर सकें। हमारी बच्चियां कराटे सीख कर नेशनल व इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल प्राप्त कर चुकी है।
सरकारी अस्पताल को टीबी की दवाई देने का उद्देश्य यही है कि क्षय रोग से पीड़ित मरीजों को दवाइयां पर्याप्त मात्रा में मिलती रहे। क्षय रोग (टीबी) की दवा बीच में छोड़ना खतरनाक है। पूरा कोर्स करना जरूरी है, तभी टीबी से मुक्ति मिल सकती है। दवा शुरू होने के एक माह बाद ही रोगी स्वस्थ महसूस करने लगते हैं। ऐसे में कई रोगी दवा छोड़ देते हैं। बीच में दवा छोड़ने से वे ड्रग रेसिस्टेंट टीबी के शिकार बन जाते हैं, जिनका उपचार मुश्किल हो जाता है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए निजी क्लीनिक के चिकित्सकों की सहयोग जरूरी है। सीएमओ डॉ अखिलेश मोहन जी ने श्रीराम पिस्टन्स के मैनेजमेंट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बहुत ही पुनीत कार्य है जिसके द्वारा क्षेत्र वासियो को बहुत अधिक लाभ मिलने वाला है अतः: हम सभी क्षेत्रवासी श्रीराम पिस्टन्स एवं उसके मैनेजमेंट के उज्जवल भविष्य की कामना करते है इस अवसर पर श्रीराम पिस्टन्स की ओर से कंपनी के अधिकारीगण यतेन्द्र जैन व बबलू शर्मा उपस्थित रहे।


















