अतिक्रमण हटाने में भी भेदभाव

पीलीभीत रोड पर नगर निगम का चला बुलडोजर

अश्वनी शर्मा
उदय भूमि, बरेली। बरेली-पीलीभीत रोड के दोनों ओर बनी दुकानों के सामने अतिक्रमण पर नगर निगम का बुलडोजर चला। नगर निगम अधिकारियों के साथ निगम की टीम व पुलिस बल भी साथ रहा।
बरेली सेटेलाईट -पीलीभीत रोड के किनारे लगे पोल को बुलडोजऱ ने उखाड़ फेंका। वहीं पोल पर लगे बैनर भी तोड़ दिए गये। इलाहाबाद बैंक के सामने रोड के किनारे लगे पोल को बुलडोजर ने उखाड़ दिया और पोल निगम के वाहन में रख लिए। वहीं रोड के किनारे लगे सांईं धाम कालोनी के बोर्ड को भी उखाड़ दिया गया। लेकिन अतिक्रमण हटाने में भी भेदभाव देखा जा रहा था। साईं धाम कालोनी से पहले ही मारबल की दुकान का पत्थर रोड के किनारे रखा रहा। लेकिन अधिकारियों ने उसे अनदेखा कर दिया।

यही नहीं, पास में ही ग्लोबल फिश फारमिंग कंपनी ने रोड तक ईंटों का चंबूतरा बना रखा है। इसे भी निगम अधिकारियों ने अनदेखा कर दिया। वहीं, इलाहाबाद बैंक के पास में ही एक बैलडिंग मालिक ने रोड तक अपने सामान से निगम की जमीन घेर रखी है। लेकिन आजतक निगम का बुलडोजर उस तरफ ध्यान देने के बाद भी नजर अंदाज करता आ रहा है। ऐसे में सवाल लाजिमी है कि आखिर अतिक्रमण हटाने में भेदभाव क्यों किया जा रहा है। यही नहीं, रुहेलखंड विश्व विद्यालय से लेकर सौ फुटा तक सीमेंट और रेता बजरी की तमाम दुकानें हैं। जिन्होंने सड़क तक रेता बजरी फैला रखा है। लेकिन निगम के अधिकारी सभी को अनदेखा करते हुए आगे निकल जाते हैं। अगर कभी रेता बजरी हटाते भी हैं। तो अगले दिन से फिर रेता बजरी फैला लिया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि ऐसा क्यों होता रहा है।