पेड़ों की कटाई और प्लास्टिक से मानव अस्तित्व पर संकट : नवनीत पांडे

उदय भूमि संवाददाता
लालगंज (रायबरेली)। यदि आज हमने प्रकृति को बचाने का संकल्प नहीं लिया तो आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेंगी। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और प्लास्टिक का बढ़ता उपयोग धरती ही नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व पर भी गंभीर संकट बन चुका है। पर्यावरण संरक्षण अब केवल एक अभियान नहीं, बल्कि मानव जीवन को बचाने का राष्ट्रीय दायित्व है। ये विचार अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पर्यावरणविद्, लंदन की संसद में भारत गौरव सम्मान तथा संयुक्त राष्ट्र द्वारा सम्मानित नवनीत पांडे ने मंगलवार को श्री गणेश विद्यालय इंटर कॉलेज, ऐहार में आयोजित विशाल पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पृथ्वी का प्राकृतिक संतुलन लगातार बिगड़ रहा है। जंगलों का तेजी से घटता क्षेत्रफल, प्लास्टिक प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन मानव सभ्यता के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले और प्लास्टिक के उपयोग को यथासंभव त्याग दे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल पौधे लगाएं ही नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक उनकी जिम्मेदारी भी निभाएं।

विद्यालय पहुंचने पर प्रबंधक कार्तिकेय शंकर बाजपेई, प्रधानाचार्य अवनींद्र पांडे, वरिष्ठ शिक्षक दिलीप द्विवेदी, सत्येश मिश्रा, डॉ. कमलाकांत त्रिवेदी एवं अनूप पांडे सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने फूल-मालाओं, अंगवस्त्र एवं पगड़ी पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से गूंज उठा। सम्मान से अभिभूत नवनीत पांडे ने कहा कि श्री गणेश विद्यालय परिवार ने जो स्नेह और सम्मान दिया है, वह उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृतियों में सदैव अंकित रहेगा। उन्होंने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय को एक डिजिटल बोर्ड उपलब्ध कराने की घोषणा की। उनके इस ऐलान का उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।

इसके बाद नवनीत पांडे, प्रबंधक कार्तिकेय शंकर बाजपेई, प्रधानाचार्य अवनींद्र पांडे तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से विद्यालय परिसर में कोलकाता से लाए गए बॉटल पाम एवं आम के पौधों का रोपण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से इन पौधों को अपना मित्र मानकर उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम के समापन पर नवनीत पांडे ने अपने साथ लाया गया जलपान छात्र-छात्राओं में वितरित किया तथा उनके साथ आत्मीय संवाद करते हुए स्मृति चित्र भी खिंचवाए। विद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया। इस अवसर पर छोटू मिश्रा, संदीप शुक्ला, भीमसेन, सुरेश चंद्र मिश्रा, आशुतोष कुशवाहा, रमेश चंद्र सरोज, अनुपमा सिंह, संगीता देवी, सुजीत कुमार, विकास सिंह, विष्णु कुमार साहू, मनोज कुमार, पाल सर, सुनील सराजी सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।