नोएडा एयरपोर्ट के पास खरीदिए फ्लैट, बुकिंग कराते ही मिलेगी चाबी

-यमुना प्राधिकरण गुरुवार को 1239 फ्लैट्स की नई योजना लॉन्च करेगा
-फ्लैट्स का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा

ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट के पास घर का सपना पूरा करने के लिए यमुना प्राधिकरण एक और मौका देने जा रहा है। प्राधिकरण गुरुवार को 1239 फ्लैट्स की नई योजना लॉन्च करेगा। इस स्कीम में वन और टू बीएचके फ्लैट्स शामिल हैं। जिनकी बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जा सकेगी। इस योजना के जरिये लोगों का घर का सपना जल्द पूरा हो जाएगा।

यह स्कीम यमुना एक्सप्रेसवे के पास स्थित है, जो नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे प्रमुख क्षेत्रों से अच्छी तरह जुड़ी हुई है। यमुना प्राधिकरण द्वारा विकसित यह क्षेत्र आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं से युक्त होगा जो एक बेहतरीन रिहायशी माहौल प्रदान करेगा। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि इस स्कीम का सबसे आकर्षक पहलू यह है कि बुकिंग के लिए खरीदारों को फ्लैट की कुल कीमत का सिर्फ 10 प्रतिशत जमा करना होगा। इसके बाद उन्हें फ्लैट की चाबी तुरंत सौंप दी जाएगी। शेष राशि को आसान मासिक किस्तों में भुगतान करने का विकल्प दिया गया है। इस स्कीम के तहत वन और टू बीएचके फ्लैट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सिंह ने बताया कि ये फ्लैट्स चार-चार मंजिला भवनों में होंगे। वन बीएचके के 276 फ्लैट्स हैं। इसके अलावा ‘एस प्लस 4’ (ग्राउंड फ्लोर सहित चार मंजिलें) में 713 फ्लैट्स और ‘एस प्लस 16’ (ग्राउंड फ्लोर सहित 16 मंजिलें) में 250 फ्लैट्स भी शामिल हैं।

बजट में हैं फ्लैट
फ्लैट्स की कीमत 20 लाख रुपये से शुरू होकर 54.5 लाख रुपये तक है। इस योजना में किसी तरह का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। स्कीम के तहत फ्लैट्स का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। इसका मतलब है कि जो भी पहले बुकिंग करेगा, उसे पहले फ्लैट अलॉट किया जाएगा। उम्मीद है कि बहुत से लोग इस योजना में भाग लेंगे और तेजी से बुकिंग की जाएगी। सीईओ ने कहा कि इस योजना से हजारों लोगों को किफायती और आधुनिक फ्लैट्स मिलेंगे। यह यमुना प्राधिकरण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।