गाजियाबाद। जन समस्याओं के निस्तारण के लिए मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में संभव जनसुनवाई का आयोजन किया गया। संभव जनसुनवाई की अध्यक्षता करते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जन समस्याएं सुनी। जिसमें 28 संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश संदर्भ निर्माण विभाग से संबंधित थे। नगर आयुक्त द्वारा प्राप्त सभी संदर्भों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए। अन्य समस्याओं के समाधान के साथ-साथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रकाश विभाग टीम को कड़े निर्देश जारी किए। निर्माण विभाग से 13 संदर्भ, स्वास्थ्य विभाग से 2 संदर्भ, उद्यान विभाग से 3 संदर्भ, प्रकाश विभाग से 2 संदर्भ, जलकल विभाग से 4 संदर्भ, अतिक्रमण संबंधित 3 संदर्भ, अन्य विभाग से 1 संदर्भ प्राप्त हुआ। उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही कराई।
नगर आयुक्त ने जन समस्याएं सुनते हुए निगम अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निगम में आने वाली सभी समस्याओं का पारदर्शिता के साथ निस्तारण किया जाए। समस्या निस्तारण होने के बाद अधिकारी खुद भी उसका भौतिक निरीक्षण करें। संभव के दौरान वार्ड संख्या 24 के पार्षद द्वारा बमहेटा अंतर्गत पुलिया के जीर्णोद्धार, वार्ड संख्या 42 की पार्षद द्वारा पार्कों में ओपन जिम व अन्य विकास कार्यों को लेकर भी नगर आयुक्त के समक्ष चर्चा की। जिस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनेंद्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, लेखाधिकारी डॉ गीता कुमारी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, जीएम जलकल केपी आनंद, एएओ जेपी सिंह, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, जोनल प्रभारी सुनील राय उपस्थित रहे।

















