मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में दीक्षारंभ 2024.26 छात्र अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन

-मॉडर्न कॉलेज के सक्षम शिक्षक छात्रों के विकास में निभा रहे अहम भूमिका: विनीत गोयल
-उत्कृष्ट शिक्षा प्रणाली की नींव सक्षम शिक्षकों और मेधावी छात्रों पर है टिकी: डॉ. निशा सिंह

गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में मंगलवार को बीएड व एम.एड के शैक्षणिक सत्र 2024.26 के लिए सात दिवसीय साप्ताहिक दीक्षारंभ छात्र अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 24 सितंबर से 30 सितंबर तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को कॉलेज के वातावरण, नियमों, शैक्षणिक प्रणाली और सह पाठयक्रम गतिविधियों से परिचित कराना है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिसके बाद महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. निशा सिंह ने नए छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा की गुणवत्ता और उसके महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा एक उत्कृष्ट शिक्षा प्रणाली की नींव सक्षम शिक्षकों और मेधावी छात्रों पर टिकी होती है। हमारा कॉलेज इन दोनों पहलुओं पर समान रूप से ध्यान देकर छात्रों के समग्र विकास को सुनिश्चित करता है।

प्रमुख वक्ताओं में महाविद्यालय सचिव विनीत गोयल, मुख्य अतिथि डॉ अर्चना मिश्रा और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार साझा किए। इसके साथ ही मुख्य अतिथि ने महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया। उन्होंने एनएसएस कार्यक्रम के उद्देश्य को स्पष्ट किया और सभी छात्रों व छात्राओं को आगामी शैक्षणिक वर्ष में विभिन्न सामाजिक और सामुदायिक सेवा गतिविधियों में भाग लेने और उनका नेतृत्व करने के लिए प्रोत्साहित किया। महाविद्यालय सचिव विनीत गोयल ने कहा समग्र विकास का उद्देश्य आयु-उपयुक्त शैक्षिक अनुभवों और शिक्षा के माध्यम से बच्चे के समग्र संतुलित विकास पर केंद्रित है। वर्तमान समय में, दुनिया पहले से कहीं अधिक तेजी से बदल रही है और इस गतिशील महामारी के बाद की दुनिया में सफल होने के लिए, हमारी युवा पीढिय़ों को जीवन में समग्र सफलता प्राप्त करने के लिए एक ठोस आधार की आवश्यकता है। जिसके लिए मॉडर्न कॉलेज के सक्षम शिक्षक छात्रों के विकास में अहम भूमिका निभा रहे है।

इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को महाविद्यालय की नियमावली, पाठ्यक्रम, पुस्तकालय संसाधन, ई.लर्निंग प्लेटफार्म, छात्र क्लब और परीक्षा प्रणाली की जानकारी दी गई। इसके साथ ही नवीन छात्र-छात्राओं को विभाग के सभी शिक्षकों से परिचित कराया गया। इसके अलावा योग और ध्यान सत्र खेल गतिविधियां कार्यशालाएं और निबंध लेखन प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ निशि त्यागी ने कॉलेज के मिशन और दृष्टिकोण से सभी को परिचित करवाया व सार्वभौमिक मानव मूल्यों पर आधारित परामर्श सत्र को आयोजित किया। जिसमें विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। डॉ. बीपी गौर ने प्रथम दिवस के कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन 30 सितंबर को स्थानीय क्षेत्र भ्रमण के साथ होगा। जिसमें विद्यार्थी गाजियाबाद के प्रमुख स्थलों का दौरा करेंगे। इस अभिविन्यास कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक स्वस्थ और समृद्ध शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपनी शिक्षा यात्रा आरंभ कर सकें।