गांधी जयंती पर चलाएं संगोष्ठी व स्वच्छता अभियान चलाए: रणविजय सिंह

-महात्मा गांधी जयंती को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने ली बैठक

गाजियाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्टूबर को संगोष्ठी का आयोजन करने के साथ मलिन बस्ती समेत अन्य क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह ने महात्मा गांधी जयंती पर दो अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अपर नगर आयुक्त अरूण यादव,एडीएम न्यायिक अंजुम बी सिंह, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी वाईपी सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव, समाज कल्याण अधिकारी अमरजीत सिंह, जिला पूर्ति आनंद त्रिपाठी, जिला आबकारी अधिकारी, एसीएमओ, उप क्रीड़ा अधिकारी पूनम विश्नोई, वन विभाग, जेल अधिकारी, खाद्य एवं औषधि विभाग, राजस्व,पर्यटन, जीडीए, सिविल डिफेंस समेत अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि शासनादेश के अनुसार 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर कार्यक्रम होने हैं। गांधी जयंती पर सभी कार्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। महात्मा गांधी के जीवन पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। नगर निगम द्वारा मलिन बस्तियों सहित अन्य सभी क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा और बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सभी विद्यालयों में गांधी जयंती पर चित्रकला,वाद-विवाद,निबंध सहित अन्य प्रतियोगिता एवं कार्यक्रम आयोजित कराए जांएगे। स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेंस सहित अन्य विभाग एवं संस्थाओं द्वारा अस्पतालों और आश्रमों में फल,पुष्पाहार वितरित किए जांएगे। इसके साथ ही जनपद में विभिन्न जगहों पर लगी महापुरुषों की मूर्तियों की साफ-सफाई एवं माल्यार्पण करते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रेड क्रॉस सोसायटी और  स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप लगाया जाए। वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण किया जाएगा। क्रीडा विभाग द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाए। उन्होंने कहा कि जेल अधीक्षक द्वारा जेल में फलहार सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं। वहीं,आबकारी विभाग गांधी जयंती पर ड्राई-डे रखने के आदेश दिए। इन सभी कार्यक्रमों के संबंध में संबंधित विभागों को शासनादेश जारी हो गए है। एडीएम प्रशासन ने कहा कि गांधी जयंती पर सभी कार्यक्रम एवं समय सारणी पूर्व की भांति ही है। इसलिए सभी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। गांधी जयंती पर होने वालें कार्यक्रमों को शांतिपूर्वक संपन्न कराएंगे।