नेहरू वर्ल्ड स्कूल में पौधरोपण कर किया प्रेरित

-प्राइमरी विंग कक्षा पांच के छात्रों ने पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गाजियाबाद। शास्त्री नगर स्थित नेहरु वर्ल्ड स्कूल सामाजिक जागरुकता को लेकर सदैव पहल करता है, इसी कड़ी में बुधवार को विद्यालय की प्राइमरी कक्षाओं की वृक्षारोपण गतिविधि प्रत्यक्ष रूप से संपन्न हुई। यह गतिविधि प्राइमरी विंग के कक्षा पांच छात्रों की देखरेख में संपन्न हुई। कार्यक्रम में डिप्टी असिस्टेंट म्यूनिस्पल कमिश्नर पल्लवी सिंह ने शिरकत की जो विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थीं। प्राइमरी विंग के कक्षा चार के छात्रों ने भी इसमें हिस्सा लिया। विद्यालय की एग्जीक्यूटिव हैड सुजैन होम्स ने समस्त अभिभावकों तथा उपस्थित छात्रों का स्वागत किया। कार्यक्रम के आरंभ में पल्लवी सिंह ने छात्रों को म्यूनिस्पल कॉर्पोरेशन के कार्यों को समझाया। इसके बाद उन्होंने पेड़-पौधों के महत्वपूर्ण योगदान को बताते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार है। पेड़ों से हमें शुद्ध वायु मिलती है। एक पेड़ अपने पूरे जीवन में जाने कितने लोगों को ऑक्सीजन देता है और जहरीली गैस को समाप्त करता है।

हमें जीवन में अवश्य ही पेड़ लगाने चाहिए व उनकी देखभाल करनी चाहिए। लगातार बढ़ रहे प्रदूषण से बचने के पेड़ लगाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधे पूरे जीवन कुछ न कुछ देते ही हैं जबकि मनुष्य से कुछ नहीं लेते हैं। पेड़-पौधे हमें ऑक्सीजन, लकड़ी व जड़ी-बूटी देते हैं। प्रत्येक मनुष्य को अपने जीवन में कम से कम दो पेड़ अवश्य लगाने चाहिए। पेड़-पौधे द्वारा ही धरती पर बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग को भी कम किया जा सकता है। इसके साथ ही पेड़ वर्षा लाने के लिए भी सहायक होते हैं।

सभी छात्रों ने शास्त्री नगर के पार्क की मिट्टी को सही करके पौधे लगाए। छात्रों के साथ विद्यालय की एग्जीक्यूटिव हेड सुजैन होम्स, प्रशासनिक निदेशक  के.पी. सिंह एवं पल्लवी सिंह ने भी वृक्षारोपण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों ने यह भी संदेश दिया कि पेड़ हमारे जीवन में कितने महत्वपूर्ण हैं। उनका का नारा था-पेड़ उगाओ, पर्यावरण बचाओ। अंत में विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक के.पी. सिंह ने विशेष अतिथि पल्लवी सिंह का सम्मान उन्हें एक पौधा प्रदान कर किया।