सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करना 17 शौकीनों को पड़ा भारी

-आबकारी विभाग की टीम ने रात्रि अभियान में सलाखों के पीछे पहुंचे 17 शौकीन
-सार्वजनिक स्थलों पर पी शराब तो होगी एफआईआर: सुबोध कुमार श्रीवास्तव

उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम रंग ला रही है। शराब तस्करों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले भी अब सलाखों के पीछे भेजे जा रहे है। आबकारी विभाग द्वारा चलाए गए रात्रि अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करने और दुकानदारों को बिना लाइसेंस के शराब परोसने पर जेल भेजने की चेतावनी थी। आबकारी विभाग के अभियान के दौरान कुछ दिन तो शराब के शौकीनों ने सार्वजनिक स्थान पर खुद ही शराब का सेवन करने से परहेज किया। मगर उसके बाद भी उसी रास्ते पर आ गए और आबकारी विभाग ने इस बार चेतावनी नहीं बल्कि उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया। त्योहारी सीजन को लेकर आबकारी विभाग की टीमें दिन-रात अवैध शराब की तलाश में सड़कों पर पहरा दे रही है। इस बीच रात्रि अभियान चलाकर चेकिंग भी कर रही है। चेकिंग के दौरान सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाले शौकीनों को सलाखों के पीछे भेजने की मुहिम को तेज कर दिया है।

आबकारी विभाग के इस अभियान थाना पुलिस भी अपना सहयोग कर रही है। शुक्रवार रात को चलाए गए रात्रि अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने एक दर्जन से अधिक सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर रहे शौकीनों को सलाखों के पीछे भेजने का काम किया है। शौकीन लोग शराब खरीदने के बाद ठेके से चंद कदमों की दूरी पर सार्वजनिक स्थल पर ही शराब पीना शुरू कर देते है। ऐसा कोई एक स्थान पर नहीं बल्कि अधिकांश ठेकों के पास होता है। सार्वजनिक स्थल पर शराब पीना अपराध है। यदि कोई पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं आबकारी अधिकारी ने भी शराब विक्रेताओं को सख्त आदेश दिए हैं कि ठेके के आसपास किसी को भी शराब न पीने दें, वरना संचालक भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे। जिसके लिए आबकारी विभाग की टीमें भी दुकानों के आसपास अभियान चला रही है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

साथ ही सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने वाले और बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही शराब विक्रेताओं को भी सख्त निर्देश दिए गए है कि ठेके के आसपास किसी को भी शराब न पीने दें। अगर कोई नहीं मानता है तो इसकी सूचना विभाग का दें। तत्काल प्रभाव से संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर इसमें शराब विक्रेता की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। शुक्रवार को आबकारी निरीक्षक गौरव चन्द और सेक्टर 63 थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा रात्रि अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान सेक्टर 63 स्थित देशी, विदेशी, बियर दुकानों के आसपास स्थलीय निरीक्षण करते हुए सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर रहे 17 लोगों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई।

साथ ही शराब विक्रेताओं को भी चेतावनी दी गई। शराब की दुकानों के पास खुली नमकीन और पान मसाला की दुकानों की चेकिंग करते हुए सख्त हिदायत दी गई कि बिना लाइसेंस के शराब पिलाने पर संबंधित के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। साथ ही अपील भी कि गई कि बिना लाइसेंस के शराब बेचना और पिलाना तो अपराध है ही साथ ही सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करना भी अपराध है। आबकारी विभाग की कार्रवाई से बचने के लिए इच्छुक व्यक्ति दुकान से शराब खरीदने के बाद घर पहुंच कर इसका सेवन करें। ऐसा करने से आप खुद के साथ दुसरों को भी सुरक्षित रख सकते है। अधिकांश हादसे शराब के नशे में होते है। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

34 पौवे समेत तस्कर गिरफ्तार


शराब की दुकानों से शराब खरीदने के बाद रात के अंधेरे में अवैध रूप से शराब बेचने वाले तस्कर को आबकारी विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानों से ही शराब खरीद कर उसी शराब को ठेके से दूर जाकर बेचता था। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि शनिवार को आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही की टीम द्वारा थाना सेक्टर 24 स्थित विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान सेक्टर 22 सार्वजनिक शौचालय के पास अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे लक्की कुमार पुत्र कृष्णा गोपाल गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से ट्विन टॉवर देशी शराब ब्रांड के 34 पौवे यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानों से ही शराब खरीद कर उसी शराब को ठेके से दूर जाकर जहां आसपास कोई दुकान न हो वहां पर महंगे दामों में शराब बेचता था। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें लगातार चेकिंग एवं दबिश दे रही है।