-यात्रियों को 2.25 लाख से अधिक बर्थ की उपलब्धता
नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों की सुविधा के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके मद्देनजर उत्तर रेलवे ने यात्रियों के लिए सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न नियमित ट्रेनों में 59 कोच बढ़ाने का निर्णय लिया है। ये अतिरिक्त कोच त्योहारी अवधि के दौरान 2996 फेरे लगाएंगे और 2.25 लाख से अधिक यात्रियों को बर्थ उपलब्ध होंगी। उत्तर रेलवे अन्य क्षेत्रीय रेलवे के सहयोग से त्योहारी सीजन के दौरान 30 नवम्बर तक 3,050 त्योहार विशेष ट्रेनें संचालित कर रहा है।
इन 3050 विशेष ट्रेनों में से लगभग 83 प्रतिशत त्योहार विशेष ट्रेनें पूर्व की ओर जाने वाले राज्यों अर्थात उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम आदि के यात्रियों को सेवाएं प्रदान करेंगी। उत्तर रेलवे ने रियल टाइम के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें संचालित करने का प्रावधान किया है। स्टेशनों पर विशेष रेलगाड़ियों और अतिरिक्त कोच के चलने के बारे में समय-समय पर घोषणाएं की जा रही हैं। आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सहित सभी माध्यमों से 360 डिग्री सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। टिकट खरीदने में आसानी के लिए सुविधाजनक स्थानों पर अतिरिक्त बुकिंग काउंटर, आरक्षण काउंटर और एटीवीएम उपलब्ध कराए गए हैं। शहरवार टिकट काउंटर बनाने की भी योजना बनाई गई है।
















