-आरपीएफ ने ‘डिजिटल मेमोरियल ऑफ वेलर’ वेबसाइट लॉन्च की
-शहीदों की फोटो पर माला और मोमबत्ती सजाकर दे सकते हैं सम्मान
नई दिल्ली। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बहादुर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए सराहनीय पहल की है। इसके तहत ‘डिजिटल मेमोरियल ऑफ वेलर’ लॉन्च किया है। यह एक अनोखा डिजिटल मंच है। जहां नागरिक बल के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। यह वेबसाइट (www.digitalmemorialofvalour.in) पुलिस स्मृति दिवस के बाद मनाए जाने वाले शहीद सप्ताह के अंतर्गत शुरू की गई है। इस वेबसाइट पर जाकर नागरिक शहीदों की फोटो पर माला और मोमबत्ती सजाकर उन्हें सम्मान दे सकते हैं। इसमें पिछले वर्ष के 14 शहीद जवानों की फोटो, नाम और रैंक हैं। इसके अलावा आरपीएफ और आरपीएसएफ के 1,011 शहीदों की पूरी सूची उपलब्ध है, जिन्होंने देश सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी है। सरकार के ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान के साथ जुड़कर ‘डिजिटल मेमोरियल ऑफ वेलर’ उन व्यक्तियों के लिए एक प्लेटफॉर्म प्रदान करता है, जो शारीरिक रूप से श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकते।
वेबसाइट पर जाकर नागरिक श्रद्धांजलि दे सकते हैं और ‘आरपीएफ के शहीदों का संकलन’ नाम की डिजिटल प्रति को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं। यह डिजिटल प्रति 28 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इसमें आरपीएफ के उन जवानों की कहानियां होंगी, जिन्होंने देश सेवा में अपने प्राण न्योछावर किए। वेबसाइट लॉन्च के अवसर पर आरपीएफ के डीजी मनोज यादव ने कहा कि इन सभी नायकों ने अपनी जान कुर्बान कर दी ताकि अन्य नागरिक सुरक्षित रह सकें। यह स्मारक हमारी सदैव की कृतज्ञता का प्रतीक है और उनकी बहादुरी की याद दिलाता है। उनका साहस और बलिदान हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। आरपीएफ की तरफ से शहीदों के सम्मान में उठाए गए कदमों के तहत सितंबर में डीजी मनोज यादव ने लद्दाख के हॉट स्प्रिंग मेमोरियल का दौरा किया था, जो एक ऐतिहासिक स्थल है। जहां 1959 में चीनी सैनिकों के साथ संघर्ष में पुलिस के बहादुर जवानों ने शहादत दी थी।
















