अवैध अतिक्रमण पर चला नगर निगम का डंडा

-विजय नगर, कवि नगर के साथ-साथ वसुंधरा में भी चला अवैध अतिक्रमण अभियान
-34 हजार जुर्माना वसूलने के साथ गंदगी फैलाने पर वसुंधरा में 12 ट्रक किए जब्त

गाजियाबाद। सड़कों पर जाम का कारण बन रहे अतिक्रमण को लेकर नगर निगम समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाता रहता है। शहरी क्षेत्र में सड़कों पर अवैध अतिक्रमण जाम का सबब बन रहे है। इनके कारण वाहन चालकों को घंटो तक जाम से दो-चार होना पड़ रहा है। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अपनी कार्रवाई को धार देते हुए एक बार फिर से नगर निगम ने अभियान चलाते हुए जुर्माना वसूलने के साथ गंदगी फैलाने पर करीब एक दर्जन गाडिय़ों को जब्त किया है। विजयनगर, कवि नगर और वसुंधरा जोन में बुधवार को अभियान चलाया गया। नगर निगम द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही की गई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में शहर हित में निरंतर कार्य चल रहा है। जिसमें सड़कों पर जाम का कारण बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही तेजी से चल रही है।

विजयनगर जोन अंतर्गत जोनल प्रभारी अंगद गुप्ता द्वारा सम्राट चौक से सेन चौक तक मार्गो को खाली करते हुए अतिक्रमण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कार्यवाही करते हुए 17 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। कई स्थानों पर बुलडोजर के माध्यम से भी कार्यवाही कराई गई। कवि नगर जोन के अंतर्गत जोनल प्रभारी राजेश गुप्ता द्वारा डायमंड फ्लाईओवर से कार्ट चौक तक स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया। जिसमें 27 हजार रुपये जुर्माना वसूली भी की गई।

वसुंधरा जोन के अंतर्गत जोनल प्रभारी एसके राय द्वारा साहिबाबाद सब्जी मंडी के बाहर गंदगी फैलाने पर 12 ट्रक को जब्त किया गया। मार्ग पर अवैध खोके को हटाने का अभियान चलाया गया। क्षेत्रीय पार्षदों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारी द्वारा नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। साथ ही व्यापारी वर्ग ने भी अवैध अतिक्रमण हटाने की मुहिम में अपना सहयोग किया। शहर की जनता मार्गों को अवमुक्त करने पर राहत का अनुभव कर रही है।