महुआ अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम ने छेड़ा अभियान, महिला तस्कर गिरफ्तार

-10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करते हुए 50 किलोग्राम लहन को किया नष्ट
-नववर्ष में खपाने के लिए तैयार हो रही थी महुआ कच्ची शराब

उदय भूमि
लखनऊ। जनपद लखनऊ को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग की द्वारा चलाई जा रही मुहिम रंग ला रही है। देहात क्षेत्र में होने वाले महुआ अवैध शराब के निर्माण को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें दिन-रात छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। आगामी दिनों में क्रिसमस और नववर्ष का त्योहार है। त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए आबकारी विभाग की टीमों ने भी मोर्चा संभाल लिया है। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने और बिना लाइसेंस के शराब पिलाने पर भी कार्रवाई की जा रही है।

आबकारी विभाग द्वारा लगातार हो रही कार्रवाई के बाद भी शराब तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे है। महुआ कच्ची शराब का धंधा आम के बाग से लेकर जंगल, नदी किनारे, झाडिय़ों के बीच और घरों में चलता रहता है। देहात क्षेत्र में महुआ अवैध शराब के निर्माण को रोकने के लिए आबकारी विभाग ने फिर से अपनी कार्रवाई को नई धार देनी शुरु कर दी है। जिसके लिए ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम प्रधान, चौकीदार और हर गांव में अपना एक मुखबिर तंत्र सक्रिय कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम प्रधान, चौकीदार और हर गांव के लोग ही अब देहात क्षेत्र में होने वाले महुआ अवैध शराब की गतिविधियों पर अपनी नजर रखेंगे, जो हर पल की जानकारी आबकारी विभाग तक पहुंचाएगें। आबकारी विभाग की इस मुहिम से काफी हद तक शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में मदद मिलेगी। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची शराब और लहन बरामद किया है।

इसी क्रम में एक बार फिर से आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए महुआ अवैध शराब और लहन को बरामद किया है। मगर इस बार आबकारी विभाग की टीम महुआ अवैध शराब के निर्माण में शामिल एक महिला को गिरफ्तार किया है। आबकारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया बुधवार को मुखबिर की सूचना पर टीम द्वारा थाना बंथरा अंतर्गत संदिग्ध ग्राम दरियापुर और ग्राम बनिया खेड़ा में संदिग्ध घरों, संदिग्ध स्थानों पर दबिश और छापेमारी की गई। दौरान दबिश मौके से लगभग 10 लीटर अवैध कच्ची शराब और 50 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। लहन को मौके पर नष्ट करते हुए महिला को गिरफ्तार किया है। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 1 अभियोग पंजीकृत किया गया। आरोपी महिला नववर्ष में खपाने के लिए अवैध शराब का निर्माण कर रही थी।

साथ ही आसपास के लोगों से अपील की गई कि अपने आसपास होने वाले अवैध शराब से संबंधित कोई भी सूचना हो, आबकारी विभाग को दें। किसी भी गांव को अवैध शराब से मुक्त करने के लिए जागरूकता बेहद जरुरी है। जिससे आपकी आने वाली पीढ़ी इस धंधे से निकल कर आगे अपने भविष्य में आगे बढ़ सकें। नहीं तो इसी तरह आपकी आने वाली पीढ़ी भी इस धंधे में लिप्त होकर कोर्ट कचहरी की चक्कर काटने को मजबूर होगी। आबकारी विभाग की अपील से प्रेरित होकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने आबकारी विभाग को उनकी कार्रवाई में सहयोग का आश्वासन दिया। अवैध शराब के खिलाफ क्षेत्र में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।