कच्ची शराब के साथ शराब पर ओवर रेटिंग करने वालों पर आबकारी विभाग की टीम ने बोला धावा

-55 लीटर कच्ची शराब जब्त करते हुए 950 किलोग्राम लहन को किया नष्ट
-क्रिसमस और नववर्ष से पहले आबकारी विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा, चेकिंग के साथ तस्करों के ठिकानों पर हुई छापेमारी

उदय भूमि
लखनऊ। जिले के ग्रामीण इलाकों में भी महुआ अवैध शराब का बड़ा कारोबार है। जिसे पूरी तरह से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम दिन-रात मशक्कत कर रही है। मगर कार्रवाई के कुछ दिन बाद फिर से अवैध शराब का कारोबार शुरू हो जाता है। देहात क्षेत्र में होने वाले महुआ शराब के निर्माण के अवैध कारोबार का आबकारी विभाग अपनी कार्रवाई में कई बार भंडाफोड़ कर चुकी है। तस्कर इतने शातिर है कि हर बार जगह बदल-बदल कर अवैध शराब का निर्माण करते है। पुलिस से बचने के लिए घर, तालाब किनारे, बाग, जंगल आदि में छोटी शराब की भट्टी बनाकर घर के बर्तनों का इस्तेमाल करते है। जिसमें उन्हें ज्यादा खर्च भी नहीं करना पड़ता है। कम लागत में मोटा मुनाफा कमाने की चाह में देहात क्षेत्र के हर घर में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। क्रिसमस और नववर्ष का पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे तस्करों ने भी अवैध रुप से शराब का निर्माण तेज कर दिया है। शराब तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए एक बार फिर जिले में आबकारी विभाग की टीमें अपना मोर्चा संभाले हुए है।

अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए शराब तस्करों पर शिकंजा कस दिया है। अगर कहीं भी अवैध शराब का निर्माण होता हुआ पाया जाता है तो अब थाने से जमानत तो छोड़िए सीधा जेल की हवा खानी पड़ेगी वो कम से कम 6 माह या फिर इससे अधिक भी जेल में रहना पड़ सकता है। इसके साथ जिस स्थल पर अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा है, उक्त स्थल के भूस्वामी की भी तलाश की जाएगी। जिसमें उसे भी आबकारी विभाग अपनी कार्रवाई में शामिल करेगा। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से काफी हद तक अवैध शराब के कारोबार में कमी आ सकती है। आबकारी विभाग की टीम ने एक बार फिर से महुआ अवैध शराब के धंधे पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब समेत तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।

उप आबकारी आयुक्त (जिला आबकारी अधिकारी कार्यवाहक) नीरज वर्मा ने बताया जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है। आगामी दिनों ने क्रिसमस और नववर्ष का पर्व है। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए टीम द्वारा लगातार चेकिंग एवं शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। सोमवार को आबकारी निरीक्षक राहुल सिंह, अखिलेश कुमार की संयुक्त टीम द्वारा थाना काकोरी अंतर्गत ग्राम लुधौसी में संदिग्ध घरों, खेतों, बगीचों, तालाबों के किनारे संदिग्ध स्थानों पर दबिश और छापेमारी की गई। दबिश के दौरान मौके से लगभग 15 लीटर अवैध कच्ची शराब और 500 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। वहीं अवैध रुप से शराब का निर्माण कर रहे राज कुमार पुत्र राजाराम को मौके से गिरफ्तार किया गया। बरामद लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया।

इसके अलावा आबकारी निरीक्षक लक्ष्मी शंकर वाजपेयी, विवेक सिंह और अखिल गुप्ता और प्रवर्तन निरीक्षक संजीव तिवारी और प्रदीप भारती की संयुक्त टीम द्वारा भी थाना मोहनलाल गंज अंतर्गत ग्राम इंद्रजीत खेड़ा और थाना गोसाईगंज अंतर्गत ग्राम कबीरपुर में संदिग्ध घरों, खेतों, बगीचों, तालाबों के किनारे संदिग्ध स्थानों पर दबिश और छापेमारी की गई। दबिश के दौरान मौके से टीम को लगभग 40 लीटर अवैध कच्ची शराब और 450 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। बरामद शराब को जब्त करते हुए लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया। शराब की दुकानों पर होने वाली ओवर रेटिंग को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम द्वारा दुकानों पर लगातार चेकिंग के साथ गुप्त टेस्ट परचेजिंग भी कर रही है। आबकारी निरीक्षक रिचा सिंह की टीम द्वारा दंड या बाजार से स्थित बीयर एवं एवं विदेशी मदिरा दुकान और विकास नगर कुर्सी रोड स्थित देसी विदेशी एवं बीयर की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विक्रेताओं को नियमानुसार शराब बिक्री के सख्त निर्देश दिए गए।

साथ ही ग्राहकों से ऑनलाइन पेमेंट लेने के भी निर्देश दिए गए। टीम द्वारा दुकानों पर गुप्त टेस्ट परचेजिंग भी कराई जा रही है। जिससे शराब की दुकानों पर होने वाली ओवर रेटिंग को रोका जा सकें। उप आबकारी आयुक्त (जिला आबकारी अधिकारी कार्यवाहक) नीरज वर्मा ने  सभी आबकारी निरीक्षकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अब सिर्फ कच्ची शराब बरामद करने से काम नहीं चलेगा। इस कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए सख्ती दिखाए और पकड़े जा रहे तस्करों को थाने से जमानत न दी जाए इसका विशेष ध्यान रखें। साथ ही जिस स्थल से अवैध शराब बरामद किया जा रहा है। वहां के भू स्वामी का पता कर उसे भी अपनी कार्रवाई में शामिल करें। अगर इस तरह से कार्रवाई होगी तो कोई भी व्यक्ति अपनी जमीन पर इस तरह के कारोबार को नहीं होने देगा। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए कच्ची शराब से भरे ड्रम व लहन को बरामद करते हुए महिला तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।