महापौर व नगर आयुक्त ने शहर के विकास कार्य को लेकर बनाई कार्य योजना

-इंदिरापुरम के वार्डों में विकास कार्यों को दी जाए रफ्तार: महापौर
-जनवरी माह में निगम के तैयार प्रोजेक्ट्स को शहर को सौंपने की तैयारी करें विभाग: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। शहर में नगर निगम द्वारा विकास कार्यों और इंदिरापुरम क्षेत्र के वार्डों में विकास कार्यों को जल्द पूरा कराए जाने को लेकर कार्ययोजना बनाई गई। सोमवार को महापौर सुनीता दयाल व नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ शहर के विकास कार्यों को लेकर कार्य योजना बनाई। बैठक में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, चीफ इंजीनियर निर्माण एनके चौधरी, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता कामाख्या प्रसाद आनंद आदि अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निगम अधिकारियों ने दावा किया कि नए साल-2025 जनवरी माह में नगर निगम की योजनाओं को धरातल पर लाया जाएगा।

शासन से पास हुए प्रोजेक्ट को भी जल्द प्रारंभ करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बॉयोडायवर्सिटी पार्क, खेल के मैदान पर विशेष रूप से चर्चा की गई। नए बस अड्डे के पास बनाई गई मल्टीलेवल पार्किंग समेत अन्य प्रोजेक्ट्स को जनवरी माह में प्रारंभ करने के लिए भी निर्देश दिए गए। महापौर सुनीता दयाल ने इंदिरापुरम के वार्डोंं में विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इंदिरापुरम के वार्डों में पार्कों की व्यवस्था के साथ निर्माण कार्यों को जल्द शुरू करने के लिए कहा गया।

महापौर ने निगम अधिकारियों को 10 दिन के भीतर टेंडर प्रक्रिया की कार्रवाई पूरी करते हुए विकास कार्य शुरू करने के लिए कहा। नगर निगम शासन की योजनाओं को भी धरातल पर लाने के लिए कार्य योजना बना रहा है। इंदिरापुरम क्षेत्र में टैक्स कलेक्शन की रफ्तार को बढ़ाने के लिए भी टीम को निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी टैक्स कलेक्शन को बढ़ाने के लिए कार्य योजना बनाई गई।