सर्द मौसम में निराश्रितों के लिए सहारा है नगर निगम का रैन बसेरा

-खुले में सो रहे निराश्रितों को आश्रय स्थल पहुंचाने में जुटे अधिकारी
-नगर आयुक्त ने रात्रि निरीक्षण के लिए भेजी टीम, खुले आसमान में ना सोएं निराश्रित
-जरूरत पड़े तो बढ़ाएं अस्थाई रैन बसेरों की संख्या: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। सर्दी के दिनों का सामना कर रहे लोगों को गुरुवार को ठंड का प्रकोप और बढ़ गया, क्योंकि बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ गया। साथ ही, पैदल चलने वालों और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्द मौसम में नगर निगम का शेल्टर होम एवं रैन बसेरा निराश्रितों के लिए सहारा बन गए हैं। सर्द रात में ठिठुर रहे लोगों के बचाव के लिए रैन बसेरों के साथ अलाव की भी व्यवस्था की गई है। वहीं खुले में सो रहे निराश्रितों को स्थाई और अस्थाई रेन बसेरों में पहुंचाया जा रहा है। बढ़ती ठंड को देखते हुए निगम ने स्थाई एवं अस्थाई रेन बसेरों में व्यवस्थाओं को बढ़ाया है। बिस्तरों की संख्या कंबलों की संख्या साथ ही साथ अलाव व्यवस्था को भी बढ़ाया है। रेन बसेरों में हीटर भी लगवाए गए हैं। खुले आसमान में सड़कों के आसपास फुटपाथ पर कोई भी ठंड में ठिठुरते ना मिले ना ही रात्रि में सोता हुआ मिले, इसके लिए लगातार निगम अधिकारी मॉनिटरिंग भी कर रहे हैं। जिसका खुद नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक जायजा भी ले रहे है।

नगर निगम के सभी जोन में विशेष ध्यान देते हुए नगर आयुक्त द्वारा रात्रि में निगम की टीम को मोहन नगर चौराहे से लेकर शालीमार गार्डन होते हुए भोपुरा तक, विजय नगर, प्रताप विहार, कवि नगर, गोविंदपुरम, संजय नगर, राज नगर, सिटी जोन घंटाघर, रेलवे स्टेशन, बजरिया, वसुंधरा कौशांबी, वैशाली व अन्य सभी सार्वजनिक क्षेत्र में भेजा गया। खुले आसमान के नीचे ठंड में सोने वाले निराश्रितों को तत्काल आश्रय स्थलों में भिजवाने के निर्देश दिए गए। मौके पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव खुद सभी जोनल प्रभारी के साथ निरीक्षण के लिए निकले। निराश्रितों को आश्रय स्थल पहुंचाने का कार्य किया गया। बेसहारों को स्थाई और अस्थाई रैन बसेरे में ले जाया गया। यह अभियान सभी जोन में चलाया जा रहा है। मौके पर विजय नगर जोनल प्रभारी अंगद गुप्ता, वसुंधरा से एसके राय, सिटी जोन से महेंद्र, कवि नगर से राजेश गुप्ता और मोहन नगर क्षेत्र से आरपी सिंह मौजूद रहे। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के निर्देश अनुसार ठंड से बचाव के लिए आश्रय स्थलों में बेहतर इंतजाम किए गए हैं।

नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि नगर निगम सीमा अंतर्गत बढ़ती ठंड को देखते हुए अस्थाई आश्रय स्थलों की संख्या बढ़ाने की योजना भी बनाई जा रही है। जरूरत पड़ने पर तत्काल प्रभाव से क्षेत्र में अस्थाई आश्रय स्थल बनाए जाएंगे। सभी आश्रय स्थलों में मेडिकल की सुविधा को भी नियमित बनाए रखने के लिए नगर आयुक्त द्वारा संबंधित टीम को निर्देश दिए गए। आश्रित स्थलों के पास पानी का टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी बनी हुई है। नगर निगम का सहयोग सामाजिक संस्थाएं और क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा भी निराश्रितों को आश्रय स्थल पहुंचने में कराया जा रहा है। शेल्टर होम एवं रैन बसेरे में बेड, गद्दे, कंबल, पेयजल, शौचालय, प्रकाश, प्राथमिक उपचार व सुरक्षा आदि की व्यवस्था की गई है। नगर निगम के तीन शेल्टर होम एवं एक अस्थायी रैन बसेरे में पूरा इंतजाम है। बाहर सोने वालों को रैन बसेरे तक पहुंचाने में शहरवासी भी अपना सहयोग दे रहे है।