ग्रेटर नोएडा में बनेगा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, दो एजेंसियों ने बताई कार्ययोजना

-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सलाहकार चयनित करने के लिए आवेदन मांगे थे
-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने खेलों को बढ़ावा देने पर दिया जोर

उदय भूमि
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार शहर का चौतरफा विकास कार्य कराने के लिए प्रयासरत हैं। खेलों की तरफ भी उनका रुझान तेज हुआ है। अब शहर के सेक्टर-37 स्थित खेल परिसर में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम की कवायद तेज हो गई है। परियोजना को पूरा करने के लिए सलाहकार एजेंसी तय की जाएगी। इसके लिए दो विशेषज्ञ एजेंसियों ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस के समक्ष प्रस्तुतिकरण दिया। इस काम के लिए सात एजेंसियों ने रुचि दिखाई है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में खेल सुविधाएं बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत सेक्टर-37 स्थित खेल परिसर में सवा एकड़ में हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। परियोजना की रूपरेखा तैयार करने के लिए 15 दिन पहले विशेषज्ञ सलाहकार की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए थे। इसके लिए सात एजेंसियां आगे आई हैं। प्राधिकरण के मुताबिक, सलाह देने के लिए आगे आई दो एजेंसियों ने एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस व अन्य अधिकारियों के समक्ष अपना प्रस्तुतिकरण दिया। सलाहकार एजेंसी का चयन करने के बाद फाइनेंसियल बिड और कार्य का आवंटन करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विशेषज्ञ सलाहकारों के सुझाव के आधार पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

स्टेडियम में होगी यह सुविधाएं
हॉकी स्टेडियम में दर्शकों के बैठने की सुविधा, खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, सेट और अन्य जरूरी सुविधाएं शामिल होंगी। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए सक्षम होगा। प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि शहर में खेलकूद की सुविधाओं को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है। ताकि खेलों में बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और खेलों में करियर बनाने का अवसर मिल सके। सलाहकार के लिए आगे आई दो एजेंसियों ने मंगलवार को प्रस्तुतिकरण दिया। अनुभव के आधार पर एजेंसी का चयन किया जाएगा।