बैकफुट पर पुलिस, किसानों को दिल्ली में प्रवेश

निरंकारी समागम मैदान में डेरा डालेंगे आंदोलनकारी

नई दिल्ली। सिंधु बॉर्डर पर बवाल के बाद आंदोलनकारी किसानों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति मिल गई है। विवाद को थामने के लिए पुलिस को बैकफुट पर आना पड़ा है। बुराड़ी के निरंकारी समागम मैदान में किसानों को धरना-प्रदर्शन करने की छूट दी गई है। ऐसे में दिल्ली पुलिस के जवान भी मुस्तैद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से यह निर्णय लिया गया है। माना जा रहा है कि पुलिस ने किसानों को राष्ट्रीय राजधानी में एंट्री की अनुमति देकर बड़े बवाल को टाल दिया है। दिल्ली पुलिस आयुक्त ने कहा है कि किसानों को बुराड़ी के निरंकारी समागम मैदान में विरोध करने की इजाजत दी गई है। वहां दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे। शांति एवं कानून व्यवस्था को कतई बिगडऩे नहीं दिया जाएगा। बता दें कि इसके पहले सिंधु बॉर्डर पर किसानों और पुलिस में झड़प हो गई थी। दिल्ली में प्रवेश की इजाजत न मिलने पर किसानों ने हंगामा खड़ा कर दिया था। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोडऩे पड़े थे। वहीं, केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के 9 स्टेडियम को अस्थाई जेल में तब्दील करने की दिल्ली पुलिस की अपील को ठुकरा दिया है। सरकार का कहना है कि जायज मांगों के समर्थन में किसान आंदोलन कर रहे हैं। केजरीवाल सरकार के गृह मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि किसानों की मांग जायज है। इन मांगों को तुरंत मान लेना चाहिए। बता दें कि कृषि कानून के विरोध में किसान आंदोलन पर उतारू हैं। किसानों को रोकने के लिए दिल्ली की सभी सीमाएं सील करनी पड़ीं। बॉर्डर पर वाहनों की सघन चैकिंग की गई। दिल्ली की सीमाओं पर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती है। वहीं, मेरठ, मुजफ्फरनगर, नोएडा व गाजियाबाद में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की तरह उत्तर प्रदेश सरकार भी काफी सतर्क नजर आ रही है। उत्तर प्रदेश में आज किसान सड़कों पर उतर आए।