-संभव जनसुनवाई में नगर आयुक्त ने सुनी जन समस्या, इंदिरापुरम सहित 19 संदर्भ हुए प्राप्त
-अवैध अतिक्रमण पर विभागों की संयुक्त टीम बनाते हुए वृहद अभियान के रूप में की जाए कार्यवाही
उदय भूमि
गाजियाबाद। शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के अंदर करें। संभव व अन्य दिनों में मिलने वाली सभी शिकायतों का निस्तारण तय सीमा के अंदर करें। समस्या का निस्तारण होने के उपरांत अधिकारी खुद भी इसका फीडबैक भी लें। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बातें मंगलवार को नगर निगम के सभागार में आयोजित संभव जनसुनवाई की अध्यक्षता करते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कही। उन्होंने कहा सभी अधिकारी विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते रहें। नगर आयुक्त के समक्ष संभव में 19 संदर्भ प्राप्त हुए। जिनमें निर्माण विभाग से एक, डूडा विभाग से एक, स्वास्थ्य विभाग से चार, उद्यान विभाग से एक, प्रकाश विभाग से दो, टैक्स विभाग से चार, जलकल विभाग से एक, अवैध अतिक्रमण से पांच संदर्भ प्राप्त हुए।
नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को तय सीमा के भी समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। अवैध अतिक्रमण की अधिकांश शिकायतों को देखते हुए सभी जोन अंतर्गत बृहद रूप में विभागों की संयुक्त टीम बनाते हुए अभियान चलाने के लिए निर्देश दिए। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंध प्लास्टिक अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। इंदिरापुरम मकनपुर से अवैध खोखे हटाने हेतु एक शिकायत प्राप्त हुई, सिटी जोन से अवैध अतिक्रमण सहित साफ सफाई को लेकर 11 शिकायतें प्राप्त हुई। कवि नगर जोन से हाउस टैक्स संबंधित एक शिकायत प्राप्त हुई। मोहन नगर जोन से अवैध अतिक्रमण सहित सीवर लाइन की तीन शिकायत, वसुंधरा जोन से पार्कों के अतिक्रमण हटाने को लेकर दो शिकायत और विजयनगर से एक शिकायत प्राप्त हुई।
विभागीय अधिकारियों ने तत्काल कार्यवाही करते हुए टीम को मौके पर भेजकर, योजना बनाते हुए कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में कार्य संस्कृति में बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बदलाव कारण स्वयं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक है। वह प्रतिदिन खुद प्रात: जनता लिए कार्यालय में ही उपलब्ध रहते हैं, उनकी समस्याएं सुनते हैं और समाधान के लिए मातहतों को त्वरित दिशा-निर्देश भी जारी कर रहे हैं। जनता के प्रति नगर आयुक्त की सुलभता से मातहत भी जवाबदेह बन रहे हैं। अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर निरंतर कार्यवाही चल रही है। आवागमन सरल बनाया जा रहा है। संभव के दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, संयुक्त नगर आयुक्त मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा, अधिशासी अभियंता निर्माण एसपी मिश्रा, अधिशासी अभियंता जलकल विभाग से केपी आनंद, व अन्य टीम उपस्थित रही।
















