उदय भूमि
गाजियाबाद। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। बीजेपी को चुनाव में कुल 70 सीटों में 48 सीट पर शानदार जीत मिली है। इस पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (माइनॉरिटी) इन्द्रजीत सिंह टीटू ने अपनी प्रतिक्रिया देेते हुए कहा कि दिल्ली के चुनाव में एनडीए को जनता ने दिल खोल कर अपना आशीर्वाद दिया है। इसलिए यह जीत जनता को समर्पित है। अब जनता के लिए अच्छे दिन आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी आम आदमी पार्टी को जनता ने नकार दिया है।
दिल्ली की जीत में गाजियाबाद की भी भागीदारी है। दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री का सम्मान बढ़ाने के साथ गाजियाबाद सांसद एवं दिल्ली के सह प्रभारी अतुल गर्ग का भी मान बढ़ाया है। राष्ट्रीय लोकदल पार्टी की ओर से सभी मतदाताओं को बहुत-बहुत बधाई। दिल्ली विधानसभा में सिख समाज के जो विधायक चुने गए हैं, उन सभी विधायकों ने जीत हासिल करके पगड़ी की शान को भी बढ़ाने का काम किया है। जनता अब भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी की राजनीति को नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली को झूठे वादों और घोटालों के सिवाय कुछ नहीं दिया, जिससे लोग त्रस्त थे। अब भाजपा के नेतृत्व में दिल्ली में एक नई विकास यात्रा शुरू होगी।















