-मुख्य सचिव ने कहा जगह मुहैया होने तक यथा स्थान पर लगेंगे पैंठ बाजार
उदय भूमि
गाजियाबाद। जनपद में सड़कों पर लगने वाले पैंठ बाजार को पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर बंद किए जाने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि जब तक जगह नहीं मिलती तब तक साप्ताहिक बाजार नहीं हटाए जाएं। मुख्य सचिव ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए है कि पुलिस को कोई अधिकार नहीं है। पैंठ बाजार के लिए जमीन उपलब्ध होने तक जहां बाजार लग रहे थे, वह बाजार उन्हीं स्थानों पर लगेंगे। टाउन वेंडिंग कमेटी इस पर जल्द निर्णय लेगी। नगर आयुक्त ही टाउन वेंंडिंग कमेटी के साथ बैठक कर जल्द इस निर्णय लेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस को साप्ताहिक बाजार हटाने का कोई अधिकार नहीं हैं। जब तक टाउन वेंडिंग कमेटी और प्रशासन, नगर निगम बाजार के लिए जगह नहीं मुहैया कराते है, तब तक पैठ बाजार यथा स्थान पर लगे।
शनिवार को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में नगर निगम द्वारा माई जीएनएन पोर्टल के उद्घाटन अवसर पर पहुंचे मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि पैंठ बाजार को बंद करने का निर्णय गलत है। सड़कों पर जाम न लगे। ऐसी व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम व जिला प्रशासन जब तक पैंठ बाजार के लिए स्थल चयन नहीं करते है। तब तक पैंठ बाजार उन्हीं स्थानों पर लगेंगे। मुख्य सचिव ने हिंदी भवन में नगर निगम के माई जीएनएन पोर्टल का बटन दबाकर पोर्टल को लांच किया।
इसी के साथ ही उन्होंने स्वच्छ मोहल्ला स्क्वॉड पुस्तक का भी विमोचन किया। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम की यह अच्छी पहल है। इस पोर्टल के माध्यम से सभी प्रकार की जन सुविधाएं लोगों को प्राप्त हो सकेंगी। मुख्य सचिव ने कहा ऐसी व्यवस्था अन्य नगर निकायों में भी कराई जाएंगी। इस कार्यक्रम में मेरठ मंडल के मंडलायुक्त डॉ. ऋषिकेष भास्कर यशोद, महापौर सुनीता दयाल, जिलाधिकारी दीपक मीणा, जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक समेत नगर निगम के अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।
















