वेंडिंग जोन पर दें ध्यान, बाजारों का स्थान तय करें अधिकारी: नरेंद्र कश्यप

-राज्य मंत्री नरेंद्र ने कहा, पैंठ बाजार के व्यापारियों का नहीं होने दूंगा नुकसान

उदय भूमि
गाजियाबाद। प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में जहां साप्ताहिक बाजार उन्हीं स्थानों पर लगने के निर्देश दिए। वहीं, शनिवार को प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल एवं पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स आदि अधिकारियों के साथ गंगाजल प्लांट गेस्ट हाउस में बैठक की। बैठक में राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने नगर निगम को वेंडिंग जोन जल्द से जल्द तलाशने और साप्ताहिक बाजारों के लगने का स्थान तय करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि व्यापारियों और छोटे दुकानदारों को किसी भी प्रकार से नुकसान न पहुंचा जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने जो दिशा-निर्देश दिए हैं, उसका अधिकारियों को अब पालन करना हैं।

राज्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद के व्यापारियों और लोगों के साथ उनका हमेशा से साथ रहा है। वह साप्ताहिक व पैंठ बाजार के व्यापारियों को नुकसान नहीं होने देंगे।  शनिवार को राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि प्रत्येक इलाके में लगने वाले साप्ताहिक बाजार का स्थान तय हो,ताकि अन्य किसी स्थान पर दुकानदार ना पहुंचे। इससे वहां की यातायात और अन्य व्यवस्था भी ठीक से संचालित होती रहेगी। राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बैठक में कहा कि साप्ताहिक बाजार बंद करने का फैसला बिना किसी प्लानिंग और बातचीत के लिया गया। जिसका असर यह हुआ कि व्यापारी सड़क पर उतर आए और माहौल खराब होने से बचा हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और सभी जनप्रतिनिधि हमेशा व्यापारियों और साप्ताहिक बाजार के लोगों के हित की बात करते हैं। जहां तक जाम और अन्य अव्यवस्थाओं की बात है उसे खत्म करने के लिए भी सभी जनप्रतिनिधि भी प्रयास करेंगे और बातचीत से मामले का हल निकाला जाएगा।

उन्होंने कहा की साप्ताहिक बाजार लगाने वालों की संख्या बहुत अधिक है। इनसे हजारों परिवार जुड़े हुए हैं। साप्ताहिक बाजार और पैंठ बाजार से जुड़े दुकानदारों के साथ सदैव रहेंगे। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि नगर निगम सकारात्मक प्लान जल्द बनाए। व्यवस्थित स्थान पर ही बाजार लगेेंगे। उन्होंने अधिकारियों के साथ कई बिंदुओं पर मंत्रणा की।व्यापारियों का किसी प्रकार से नुकसान नहीं हो। इसके साथ ही नगर निगम वेंडिंग जोन के लिए स्थान तय करें,ताकि यहां के व्यापारी किसी अन्य स्थान पर न जाए और जो व्यापारी बाजार लग रहे हैं। उनके प्रमाण पत्र लेकर उनको पहचान पत्र दिए जाएं ताकि व्यापार और बाजार में वहीं लोग आए जो पहले से चिन्हित हैं।

व्यापारी भी इस बात का ध्यान रखें कि उनकी क्रिया से किसी प्रकार की अवस्था ना हो, जाम ना लगे और अन्य आसपास के रहने वाले लोगों को सुविधा भी ना हो। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसी का रोजगार नहीं छीनते है,बल्कि उनको योजनाओं से लाभान्वित किया जाता है। जिस तरीके से साप्ताहिक बाजार बंद करने और उनके स्थान एक परिवर्तित करने का अभियान शुरू किया गया,इसमें किसी प्रकार की ना तो बातचीत की गई और ना ही कोई प्लानिंग हुई। जिसकी वजह से इसका स्वरूप मनमर्जी वाला चल रहा था। उन्होंने विधायक नंदकिशोर गुर्जर के प्रयासों की सराहना की। वहीं, उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव व्यापारियों और समाज हित में निर्णय लेने वाली पार्टी है।