संभावित कोरोना वैक्सीन की स्थिति का लेंगे जायजा
अहमदाबाद। देश में कोविड-19 (कोरोना वायरस) की वैक्सीन पर तेजी से काम चल रहा है। वैक्सीन की वस्तुस्थिति का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दौरे पर निकल पड़े। उन्होंने सबसे पहले फार्मास्युटिकल कंपनी जाइडस कैडिला की उत्पादन इकाई में कोरोना वैक्सीन की वर्तमान स्थिति के कार्यों की समीक्षा की। पीएम मोदी जाइडस कैडिला के सयंत्र में करीब एक घंटे रूके। इसके बाद वह हैदराबाद के लिए निकल पड़े। हैदराबाद में प्रधानमंत्री मोदी वैक्सीन निर्माता भारत बायोटेक के सयंत्र का जायजा लेंगे। जीनोम वैली में भारत बायोटेक का सयंत्र है। भारत बायोटेक संभावित कोविड-19 वैक्सीन कोवैक्सिन के तीसरे चरण का परीक्षण कर रही है। भारत बायोटेक के सयंत्र में लगभग एक घंटे रूकने के बाद पीएम मोदी पुणे के लिए रवाना हो जाएंगे। पुणे पहुंचने के बाद वह सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) जाएंगे। सीरम इंस्टीट्यूट ने कोरोना वैक्सीन के लिए वैश्विक दवा निर्माता कंपनी एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड विवि के साथ साझेदारी की है। प्रधानमंत्री मोदी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) परिसर में शाम करीब साढ़े 4 बजे पहुंचेंगे। वहां भी लगभग एक घंटे रहकर कोविड-19 वैक्सीन से संबंधित जानकारी प्राप्त करेंगे। कोरोना वैक्सीन के विकास कार्यों की समीक्षा हेतु प्रधानमंत्री आज 3 शहरों के दौरे पर हैं। उन्होंने यात्रा की शुरुआत अहमदाबाद से की है। पीएम मोदी ने जाइडस कैडिला की उत्पादन इकाई में कंपनी के प्रमोटरों और अधिकारियों से बात की। जाइडस कैडिला ने कोविड-19 की रोकथाम के लिए जाइकोव-डी नामक संभावित वैक्सीन का विकास किया है। उसके पहले चरण का मानव परीक्षण पूर्ण हो चुका है। कंपनी ने बीते अगस्त से दूसरे चरण का परीक्षण आरंभ किया था। मार्च के बाद से कोरोना वायरस ने देश में आतंक मचा रखा है। कुछ राज्यों में कोविड-19 की दूसरी लहर की आशंका ने परेशानी बढ़ा दी है।















