-सिहानी में 14 बीघा में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी को किया ध्वस्त
-इंदिरापुरम में जीडीए की भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई झुग्गियां हटाई गईं
उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। सोमवार को जीडीए की प्रवर्तन टीम ने इंदिरापुरम में अनाधिकृत रूप से बनाए गए झुग्गी-झोपडिय़ों को हटाया, वहीं सिहानी गांव के पास 14 बीघा जमीन पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। इंदिरापुरम के न्यायखंड-1 में रैली इंटरनेशनल स्कूल से सटी 12 मीटर चौड़ी रोड पर अवैध कब्जा कर झुग्गियां बना ली गई थीं। जीडीए प्रवर्तन जोन-6 के प्रभारी अधिशासी अभियंता आलोक रंजन के नेतृत्व में अवर अभियंता गोपाल कृष्ण शर्मा और जीडीए पुलिस की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को हटा दिया।
इसके अलावा, इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल के पास स्थित जीडीए की भूमि, जो मेडिकल सुविधाओं के लिए आरक्षित है, वहां 50 से अधिक झुग्गियां अवैध रूप से बनाई गई थीं। जीडीए की टीम ने इन झुग्गियों को ध्वस्त किया और रहने वालों को मंगलवार सुबह 10 बजे तक अपना सामान हटाने का समय दिया। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ मुहिम तेज हो गई है। इंदिरापुरम और सिहानी में झुग्गियां और अवैध कॉलोनी ध्वस्त करने की कार्रवाई इसी दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम है। भविष्य में भी जीडीए ऐसी अनधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माणों को ध्वस्त करता रहेगा, ताकि शहर को सुनियोजित और अवैध निर्माण मुक्त बनाया जा सके।
कार्रवाई के दौरान अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता सीपी शर्मा और महेंद्र कुमार, जीडीए पुलिस की विशेष टीम मौके पर मौजूद रही।
कार्रवाई:
• अभय खंड-1 में भवन संख्या-163 में विवादित फ्लोर पर लगाया गया ताला तोड़ा गया।
• न्याय खंड-2 में भवन संख्या-363 और 364 में हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
• अवैध कब्जाधारियों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित कर कार्रवाई पूरी करवाई।
सिहानी गांव: 14 बीघा में काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर
ग्राम सिहानी में लगभग 14 बीघा जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी, जिसे सोमवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त निर्देशों के तहत जीडीए प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने यह कार्रवाई की।
कैसे चल रही थी अवैध कॉलोनी?
ग्राम सिहानी में मुकेश त्यागी द्वारा अनाधिकृत रूप से 14 बीघा जमीन पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां प्लॉट्स की बाउंड्री वॉल बनाई जा रही थी, सड़कें तैयार की जा रही थीं और बिजली के पोल भी लगाए जा रहे थे। जीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाकर पूरी कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।
विरोध और पुलिस की मुस्तैदी:
कॉलोनी निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजर ने जीडीए की कार्रवाई का जमकर विरोध किया, लेकिन पुलिस ने हालात को काबू में रखा। अवैध निर्माण तोडऩे के दौरान कई लोगों ने मौके पर हंगामा किया, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें हटाकर कार्रवाई पूरी करवाई।
जीडीए की चेतावनी: अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें
जीडीए अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से अपील की कि वे अनाधिकृत रूप से विकसित कॉलोनियों में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करें। अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने पर भविष्य में कानूनी दिक्कतें हो सकती हैं और ऐसी संपत्तियों पर जीडीए कभी भी कार्रवाई कर सकता है।
अगले कदम:
• जीडीए लगातार अवैध निर्माणों की निगरानी करेगा और जरूरत पडऩे पर कार्रवाई करेगा।
• जनता को जागरूक करने के लिए जीडीए अवैध कॉलोनियों की सूची जारी करेगा।
• भविष्य में अवैध निर्माण पर और तेज़ी से कार्रवाई की जाएगी।

जीडीए उपाध्यक्ष
गाजियाबाद में अवैध कब्जों और अनाधिकृत कॉलोनियों को पूरी तरह से खत्म करने का अभियान जारी रहेगा। जीडीए की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन लोगों ने सरकारी भूमि पर कब्जा किया है या अवैध कॉलोनियां विकसित कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील है कि वे किसी भी अनधिकृत कॉलोनी में निवेश करने से पहले जीडीए से उसकी वैधता की जानकारी जरूर लें।
अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष
















