• राष्ट्रीय लोकदल ने किसानों और नौजवानों के हक की आवाज उठाने का संकल्प दोहराया
• मोदीनगर निवासी रामपाल चौधरी को बनाया गया रालोद का जिलाध्यक्ष
उदय भूमि
गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने किसानों और नौजवानों के हक की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र सिंह चेयरमैन ने सोमवार को आरडीसी स्थित कृष्णा सागर रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पार्टी किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान और अन्य समस्याओं को निस्तारित कराने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने मोदीनगर निवासी रामपाल चौधरी को राष्ट्रीय लोकदल का जिलाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की और उन्हें मनोनयन पत्र सौंपा। योगेंद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल ने हमेशा किसानों और युवाओं की आवाज बुलंद की है, और आगे भी उनकी समस्याओं को सरकार के सामने मजबूती से रखा जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में योगेंद्र सिंह ने कहा कि गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर रालोद लगातार संघर्षरत है। किसानों को उनकी मेहनत का पूरा हक दिलाने के लिए पार्टी सरकार पर दबाव बनाएगी और किसानों के हितों की रक्षा के लिए किसी भी स्तर पर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने कहा कि रालोद सुप्रीमो एवं केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह किसानों और नौजवानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों की आवाज उठाने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और शिक्षा तथा विकास के क्षेत्र में ठोस बदलाव लाने के लिए भी प्रयासरत है। रामपाल चौधरी ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और किसानों एवं नौजवानों की आवाज को बुलंद करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को साथ लेकर काम करूंगा। किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और समाज के हर वर्ग की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कराने के लिए प्रयासरत रहेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कार्यक्रम का संचालन रालोद के क्षेत्रीय महासचिव अरुण चौधरी भुल्लन ने किया।
कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने गन्ना किसानों के मुद्दे को लेकर एक बार फिर से मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। पार्टी का कहना है कि किसानों के हक की लड़ाई को हर हाल में आगे बढ़ाया जाएगा और गन्ना भुगतान में हो रही देरी को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। साथ ही, युवाओं के रोजगार और शिक्षा को लेकर भी पार्टी जल्द ही नई रणनीति के तहत अभियान चलाएगी। रामपाल चौधरी को नए जिलाध्यक्ष के रूप में बड़ी जिम्मेदारी सौंपकर रालोद ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि वे किसानों और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
इस दौरान क्षेत्रीय महासचिव राजन जावला, चौधरी तेजपाल सिंह, चौधरी मनवीर सिंह, वरिष्ठ नेता चौधरी अजयपाल प्रमुख, एडवोकेट कुंवर अय्यूब अली, सहकारिता प्रकोष्ठ के चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी, सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू, ओडी त्यागी, रणबीर दहिया, रविंद्र चौहान, युवा मोर्चा और नगर निकाय पदाधिकारी युवा अध्यक्ष हिमांशु नागर, सत्येंद्र तोमर, पतला नगर पंचायत चेयरमैन रीता चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष जयदीप चौधरी, बिट्टू खंजरपुर, राम भरोसे लाल मौर्या, पूर्व और वर्तमान पदाधिकारी भूपेंद्र बॉबी, प्रदीप मुखिया, पूर्व जिलाध्यक्ष अमित त्यागी सरना, पूर्व महानगर अध्यक्ष रामानंद गोयल, योगेंद्र वीरभान, भूपेंद्र डबास, लोकेश चौधरी, सरताज खान, महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी, विनोद गौतम, नरेंद्र कुमार मौजूद रहे।
रामपाल चौधरी को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी
राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने रामपाल चौधरी पर भरोसा जताते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि रामपाल चौधरी पार्टी की नीतियों के अनुरूप संगठन को मजबूत करेंगे और किसानों के हक की लड़ाई को और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाएंगे।
रालोद की आगे की रणनीति
• गन्ना किसानों के भुगतान को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ाया जाएगा।
• युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा के नए अवसरों को बढ़ावा देने के लिए नीतियां बनाई जाएंगी।
• किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर जिला स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
• रालोद संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा।
















