पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार को उम्रकैद, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा कमेटी ने किया फैसले का स्वागत

• 1984 सिख विरोधी दंगा: परमपिता परमात्मा के यहां देर है, अंधेर नहीं- 1984 दंगा पीड़ित परिवारों को मिला इंसाफ

उदय भूमि
नई दिल्ली। 1984 के सिख विरोधी दंगों के एक मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इस फैसले को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की पूर्ण कमेटी ने न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसका स्वागत किया है। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा प्रधान इंद्रजीत सिंह टीटू ने बताया परमात्मा ने 1984 दंगा पीड़ित परिवारों की पीड़ा सुनी और न्यायालय के माध्यम से एक ऐतिहासिक निर्णय करवाया। यह सब परमात्मा की देन है। हम उम्मीद करते हैं कि जिन परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है, उन्हें भी जल्द न्याय मिलेगा और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।

1984 के सिख विरोधी दंगों में हजारों निर्दोष सिखों की हत्या कर दी गई थी, उनके घर जला दिए गए थे और परिवार तबाह हो गए थे। यह भारतीय इतिहास की सबसे काली घटनाओं में से एक मानी जाती है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। राउज एवेन्यू कोर्ट के इस फैसले से दंगा पीड़ित परिवारों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन अभी भी कई दोषी सजा से बचते नजर आ रहे हैं। गुरुद्वारा कमेटी ने सरकार और न्यायालय से अपील की है कि बाकी बचे दोषियों पर भी जल्द सख्त कार्रवाई हो और सभी पीड़ित परिवारों को न्याय मिले। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की कमेटी ने कहा कि यह फैसला न्याय की ओर बढ़ता एक कदम जरूर है, लेकिन अभी भी बहुत से पीड़ित परिवार इंसाफ के इंतजार में हैं। हमें भरोसा है कि सभी दोषियों को एक-एक कर कानून के तहत कड़ी सजा मिलेगी। 1984 दंगा पीड़ित परिवारों के लिए यह फैसला न्याय की एक नई उम्मीद लेकर आया है, लेकिन इस त्रासदी का दर्द हमेशा बना रहेगा।