महाशिवरात्रि की तैयारियों का नगर आयुक्त ने लिया जायजा, मंदिरों में विशेष व्यवस्थाएं

• दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर में 6 टैंकर गंगाजल और 2000 अतिरिक्त लाइटें लगाई गईं
• नगर आयुक्त बोले- श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी तरह तत्पर हैं अधिकारी
• शिवालयों में सफाई, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम

उदय भूमि
गाजियाबाद। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मंगलवार रात विभिन्न मंदिरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्राचीन दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर का विशेष रूप से दौरा किया और श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर और श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता महंत नारायण गिरि महाराज से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम द्वारा सभी शिवालयों पर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। खासतौर पर दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर, जिसे गाजियाबाद का प्रमुख शिवधाम माना जाता है, वहां विशेष तैयारियां की गई हैं।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मंदिरों में जलभराव न हो, सुरक्षा बनी रहे और सफाई व्यवस्था बेहतर रहे, इसके लिए अधिकारी मुस्तैदी से काम करें। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त की निगरानी में नगर निगम के सभी अधिकारी महाशिवरात्रि की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटे हैं। मौके पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव भी उपस्थित रहे, जिन्हें निर्देश दिया गया कि दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर पर अधिकारियों की 24 घंटे की ड्यूटी लगाई जाए। नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं को देखकर श्रद्धालुओं ने नगर निगम की सराहना की। शिव भक्तों ने कहा कि इस बार मंदिर परिसर में पहले से बेहतर सफाई और सुविधाएं मिल रही हैं। नगर निगम की इन तैयारियों से शिव भक्तों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है। महाशिवरात्रि पर भक्त बिना किसी अव्यवस्था के अपने आराध्य के दर्शन कर सकें, इसके लिए नगर निगम पूरी तरह से मुस्तैद है।

• 2000 अतिरिक्त लाइटों की व्यवस्था की गई है।
• श्रद्धालुओं के लिए 6 टैंकर गंगाजल की आपूर्ति की गई है।
• डस्टबिन, शौचालय और सौंदर्यीकरण की विशेष व्यवस्था की गई है।
• मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग कर भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की गई है।
• नगर निगम के अधिकारियों को 24 घंटे की ड्यूटी पर लगाया गया है।

श्रद्धालुओं की सेवा हमारी प्राथमिकता
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा महाशिवरात्रि पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन करने आते हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसी को कोई परेशानी न हो। सफाई, रोशनी, जलापूर्ति और सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। अधिकारी 24 घंटे मुस्तैद रहेंगे ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो।

श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर और श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता महंत नारायण गिरि महाराज ने बताया महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालु श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक के लिए आते हैं। इस वर्ष गाजियाबाद नगर निगम द्वारा मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जो प्रयास किए गए हैं, वह सराहनीय हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और उनकी पूरी टीम ने सफाई, रोशनी, जलापूर्ति और सुरक्षा की शानदार व्यवस्था की है। खासतौर पर गंगाजल के 6 टैंकरों की व्यवस्था और 2000 अतिरिक्त लाइटें श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगी। हम नगर निगम और प्रशासन का धन्यवाद करते हैं और आशा करते हैं कि भविष्य में भी श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर की सेवा के लिए इसी तरह कार्य किए जाते रहेंगे। भगवान दूधेश्वर महादेव सभी भक्तों पर कृपा बनाए रखें।