ईद उल फितर और नवरात्रों में पुख्ता करें व्यवस्था: नगर आयुक्त

-मंदिरों और मस्जिदों के बाहर सफाई के बाद पानी का निरंतर करें छिड़काव
-नगर निगम ने ईद-उल-फितर और चैत्र नवरात्रों के लिए कसी कमर, भव्य तैयारियों की शुरूआत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में आने वाले प्रमुख पर्वों ईद-उल-फितर और चैत्र नवरात्रों को देखते हुए नगर निगम ने भव्य तैयारियों की कमान संभाल ली है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए मंदिरों और मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई अभियान और निरंतर पानी के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम के निर्देशानुसार सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों और आंतरिक वार्डों में सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। इसके तहत प्रकाश विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी लाइटें सुचारू रूप से कार्यरत रहें, जबकि निर्माण विभाग को मंदिरों और मस्जिदों की ओर जाने वाले मार्गों को व्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम की इन तैयारियों से शहरवासी निर्बाध रूप से अपने त्यौहार मना सकेंगे, जिससे धार्मिक सौहार्द और भी मजबूत होगा।

निगम के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे निगरानी
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव और अवनींद्र कुमार को त्योहारी तैयारियों की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। इसके अलावा नगर निगम की टीमें स्वास्थ्य, जल आपूर्ति, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर हर इलाके का निरीक्षण कर रही हैं।

शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
नगर निगम ने भंडारों, धार्मिक अनुष्ठानों और अन्य कार्यक्रमों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश दिया गया है कि डस्टबिन और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

ईदगाह और मंदिरों के आसपास तैयारियां तेज
नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने ईदगाह मस्जिद और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष व्यवस्थाओं को लेकर काम शुरू करा दिया है। नगर निगम का यह अभियान गाजियाबाद को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का कहना है कि गाजियाबाद नगर निगम शहरवासियों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है। चैत्र नवरात्र और ईद-उल-फितर के मद्देनजर सफाई, पेयजल और रोशनी की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। नगर निगम की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे स्वच्छता बनाए रखें और नगर निगम के इस अभियान में सहयोग करें। धार्मिक आयोजनों और भंडारों में सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि त्यौहार उल्लास और सौहार्द के साथ मनाया जा सके।