उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के प्रभाव को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शासनादेश के तहत जनपद स्तर पर हीट वेव से बचाव के लिए नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) सौरभ भट्ट की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट परिसर के कक्ष संख्या-315 में आयोजित की गई। इस बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान नोडल अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे हीट वेव से बचाव और राहत कार्यों के लिए अपनी कार्ययोजना तैयार कर तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि वे लू से बचाव के उपायों को अपना सकें।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि वह इस संबंध में टीम गठित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करे और आवश्यक दवाओं व चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करे। नगर निगम को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि शहर में पेयजल की उचित व्यवस्था हो, सार्वजनिक स्थानों पर छाया की सुविधा उपलब्ध कराई जाए और सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जाए। श्रम विभाग को श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा मानकों के अनुरूप कार्यस्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को पशुपालकों और गौशाला संचालकों के बीच हीट वेव से बचाव को लेकर जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी दी गई। आईटी विभाग को जनपद में हीट वेव की स्थिति की निगरानी के लिए एक प्रभावी डैशबोर्ड और इंटरफेस विकसित करने का निर्देश दिया गया।
शिक्षा विभाग को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि शैक्षणिक संस्थानों में पेयजल, छाया और हवा की समुचित व्यवस्था हो और आवश्यकता पडऩे पर विद्यालयों के समय में अनुकूल परिवर्तन किया जाए। इसके अलावा पंचायती राज विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यस्थलों पर छाया और जल की व्यवस्था करने को कहा गया। ऊर्जा विभाग को निर्देश दिया गया कि गर्मी के मौसम में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और आवश्यकतानुसार बिजली कटौती में बदलाव किया जाए। परिवहन विभाग को बस स्टॉप और प्रमुख टर्मिनलों पर छाया, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। रेलवे अधिकारियों को भी स्टेशनों और ट्रेनों में पर्याप्त मात्रा में छाया और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
वन विभाग को हरियाली बढ़ाने, वन्य जीवों को सुरक्षित रखने और जंगलों में आग से बचाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। पर्यटन विभाग को पर्यटकों के लिए जागरूकता अभियान चलाने और उनके लिए पेयजल व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। बैठक के दौरान जनमानस को हीट वेव से बचाने के उपायों से संबंधित पोस्टर और पंपलेट भी वितरित किए गए। इस बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, श्रम विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, वन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















